
अब प्रदेश में बनने वाले सरकारी के साथ गैर-सरकारी नए भवनों में दिव्यांगों और व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी नहीं होगी।
सरकार ने नए बिल्डिंग बायलॉज में विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई जरूरी प्रविधान किए हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग ने नए बिल्डिंग बायलॉज की अधिसूचना जारी कर दी है।
बिल्डिंग बायलॉज में किए प्रविधान के तहत भवनों में सुगम प्रवेश, ढलान वाले रास्ते, चौड़े गलियारे, विशेष लिफ्ट और अलग शौचालय की व्यवस्था करनी होगी। दृष्टिबाधित लोगों को भी भवन के भीतर रास्ता पहचानने और सुविधाओं का इस्तेमाल करने में आसानी होगी।
प्रत्येक भवन में कम से कम एक प्रवेश द्वार ऐसा बनाना होगा, जहां से व्हीलचेयर आसानी से अंदर जा सके। इस प्रवेश द्वार तक सीढ़ी के साथ ढलान वाला रास्ता भी देना होगा। रास्ता फिसलनरोधी सामग्री से बनेगा।
दोनों ओर 80 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर पकड़ने के लिए रेलिंग लगानी होगी। इसकी लंबाई नौ मीटर से अधिक नहीं रखी जाएगी।
लिफ्ट में आवाज और ब्रेल से मिलेगी जानकारी
बायलॉज में किए गए प्रविधान के अनुसार जिन भवनों में लिफ्ट लगाना अनिवार्य है, वहां कम से कम एक लिफ्ट व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के अनुकूल बनानी होगी।
लिफ्ट में पहुंचने वाले तल की जानकारी आवाज के माध्यम से मिलेगी। नियंत्रण पट्ट पर ब्रेल लिपि में संकेत लगाने होंगे, ताकि दृष्टिबाधित लोग भी लिफ्ट का इस्तेमाल कर सकें।
सीढ़ियों और शौचालयों में भी विशेष व्यवस्था
सीढ़ियों की चौड़ाई कम से कम 1.35 मीटर होगी। एक बार में अधिकतम 12 पायदानों की चढ़ाई रखी जा सकेगी। सीढ़ियों के पायदान की चौड़ाई 30 सेंटीमीटर और ऊंचाई अधिकतम 15 सेंटीमीटर होगी।
वहीं, शौचालयों के समूह में दिव्यांगों के लिए कम से कम एक अलग शौचालय बनाना अनिवार्य होगा। इसका आकार कम से कम 1.50 मीटर गुणा 1.75 मीटर होगा।
इस पूरी कवायद का मकसद दिव्यांगों, बुजुर्गों और चलने-फिरने में परेशानी का सामना करने वाले लोगों को सार्वजनिक और अन्य भवनों में किसी की मदद का इंतजार न करना पड़े ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।



