राज्यबिहार

आधी रात भागलपुर की सड़कों पर उतरीं मेयर, बंद स्ट्रीट लाइट देख भड़कीं; 24 घंटे में सुधार का अल्टीमेटम

शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव और नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत खुद परखने के लिए मेयर बसुंधरा लाल देर रात अचानक सड़कों पर उतर गईं।

उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों, चौक-चौराहों और विभिन्न वार्डों में पहुंचकर स्वच्छता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, स्ट्रीट लाइट और नाला-ड्रेनेज व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए। महापौर ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस औचक निरीक्षण के दौरान मेयर के साथ उप मेयर डॉ. मो. सलाहुद्दीन अहसन, स्थानीय पार्षद तथा नगर निगम के संबंधित शाखाओं के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों के साथ टीम ने व्यस्त इलाकों में रात में होने वाली सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच कर रोस्टर के अनुसार शत-शत कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बंद स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद मिलीं या पर्याप्त रोशनी नहीं थी, उसे लेकर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत शाखा के अभियंताओं को सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को 24 घंटे के भीतर ठीक कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रात के समय सड़कों पर पर्याप्त रोशनी रहना अनिवार्य है, ताकि राहगीरों और विशेषकर महिलाओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित रहे।

नालों से गाद निकालने और सिल्ट सफाई पर जोर

महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य नालों और ड्रेनेज व्यवस्था का भी मु मुआयना किया। उन्होंने नालों से गाद और सिल्ट निकालने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आगामी दिनों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो और सुचारू जलनिकासी बनी रहे। सड़कों के किनारे अवैध रूप से कचरा फेंकने वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।

लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्रवाई

महापौर बसुंधरा लाल ने स्पष्ट किया कि काम में कोताही बरतने वाली एजेंसियों और कर्मियों के खिलाफ बख्शने की नीति नहीं अपनाई जाएगी। लापरवाही मिलने पर वेतन कटौती से लेकर अनुबंध रद करने तक की बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दिन के साथ-साथ रात की सफाई व्यवस्था की भी नियमित मॉनिटरिंग करें और उसकी दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करना है।

Related Articles

Back to top button