आरबीएल बैंक को 173 करोड़ रुपये से अधिक की मांग के साथ जीएसटी का कारण बताओ नोटिस मिला

आरबीएल बैंक ने बुधवार को कहा कि उसे वित्त वर्ष 2022-23 में कथित रूप से गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ उठाने के लिए 173.08 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी मांग के साथ कारण बताओ नोटिस मिला है।
आरबीएल बैंक ने एक नियामक फाइलिंग में कहा, “नोटिस में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए ब्याज और जुर्माने सहित 1,73,08,68,535 रुपये की जीएसटी मांग का प्रस्ताव है, जो बैंक द्वारा अपने डिजिटल बैंकिंग व्यवसाय के लिए प्राप्त अलग जीएसटी पंजीकरण के तहत प्राप्त इनपुट टैक्स क्रेडिट के संबंध में है।
आरबीएल बैंक ने कहा कि वह महाराष्ट्र राज्य माल एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों से मिले कारण बताओ नोटिस पर जवाब दाखिल करेगा।
2018-19 और 2019-20 के लिए समान मुद्दे पर जीएसटी अधिकारियों से प्राप्त अनुकूल आदेशों सहित अपने आकलन के आधार पर, बैंक का मानना है कि उसके पास गुण-दोष के आधार पर मामले को लड़ने के लिए पर्याप्त आधार हैं।
बयान में कहा गया है, ”अपने मौजूदा आकलन के आधार पर और वित्त वर्ष 2018-19 और वित्त वर्ष 2019-20 के लिए इसी मुद्दे पर जीएसटी अधिकारियों से प्राप्त अनुकूल आदेशों पर विचार करते हुए बैंक को फिलहाल उम्मीद नहीं है कि इससे उसकी वित्तीय स्थिति, परिचालन या लाभप्रदता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
आरबीएल बैंक का शेयर बीएसई पर अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 404.55 रुपये पर बंद हुआ।



