केवल रक्षाबंधन या भैया दूज नहीं, बिहार में 8 दिनों तक चलता है भाई-बहन के प्यार का अनोखा पर्व

लोक आस्था के महापर्व छठ के अनुष्ठान के साथ ही मिथिलांचल की समृद्ध लोक संस्कृति और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक समा-चकेवा पर्व शुरू हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के गांवों और हाट-बाजारों में इस पारंपरिक उत्सव की रौनक बिखरने लगी है।

उत्सव को लेकर गांव-गांव में हर्षोल्लास का माहौल है। प्रखंड के प्रमुख हाट-बाजारों में कुम्हारों द्वारा तैयार की गई समा-चकेवा, सतभैया, वृंदावन और चुगला की रंग-बिरंगी मिट्टी की प्रतिमाएं सजी हुई हैं।

बाजार में 60 रुपये से लेकर 600 रुपये तक के सेट उपलब्ध हैं। महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद और बजट के अनुसार इनकी खरीदारी कर रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, मध्यम और कम कीमत वाली प्रतिमाओं की मांग सबसे अधिक है।

लोकगीतों से गुंजायमान हुए ग्रामीण इलाके

पर्व के आगाज के साथ ही शाम ढलते ही गांवों के चौपालों और आंगनों में महिलाओं की टोलियां पारंपरिक मैथिली लोकगीत गाती नजर आ रही हैं।

Sama Chakeva Festival

गाम के अधिकारी तोहे बड़का भैया हो, हाथ दस दस पान…और चकेवा हे चकेवा, ले ले अइह भैया के संदेसवा… जैसे पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग गया है।

कार्तिक पूर्णिमा को होगा विसर्जन

मान्यता के अनुसार, बहनें प्रतिदिन शाम को इन प्रतिमाओं को ओस (शीत) दिखाती हैं और चुगला (ईर्ष्यालु पात्र) का प्रतीकात्मक रूप से दहन कर अपने भाइयों की लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

आठ दिनों तक चलने वाले इस लोकपर्व का समापन कार्तिक पूर्णिमा के दिन जोते हुए खेतों या जलाशयों में प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ होगा।

↑
Exit mobile version