तालाब में मिला विवाहिता का शव, पति लापता; सिवान के महाराजगंज में सनसनी

महाराजगंज थाना क्षेत्र के पोखरा पंचायत के अफराद के समीप सोमवार को पोखरे में एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान सुगंधा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसके पति विशाल कुमार साह के लापता होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओ अनीता सिन्हा एसडीपीओ अमन, अंचल अधिकारी जितेन्द्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिंदु कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी समेत अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को पोखरे से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पति-पत्नी के बीच विवाद की चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार सुगंधा देवी और उसके पति विशाल कुमार साह के बीच शादी के बाद से ही अनबन चल रही थी।

हालांकि विवाद की वजह और विवाहिता की मौत से इसका कोई संबंध है या नहीं इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पति फिलहाल लापता बताया जा रहा है।

पुलिस उसकी तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बताया जाता है कि दंपती का करीब दो साल का एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

↑
Exit mobile version