बिज़नेस

तेल की कीमतों में उछाल, विदेशी कोषों की निकासी से शेयर बाजार में गिरावट; सेंसेक्स 548 अंक टूटा

कच्चे तेल की कीमतों में ताजा उछाल, विदेशी कोषों की निरंतर निकासी और बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से बेंचमार्क शेयर सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को करीब 548 अंक गिर गया।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती तेजी को कम करते हुए 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,924.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 796.23 अंक या एक प्रतिशत गिरकर 71,676.10 अंक पर आ गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत गिरकर 22,363.35 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में आईटीसी, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख गिरावट में रहे।

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और एचसीएल टेक प्रमुख विजेताओं में से थे।

ब्रेंट कच्चा तेल 1.14 प्रतिशत बढ़कर 105.8 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ’10 साल के बॉन्ड प्रतिफल में तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंचने और बाहरी अनिश्चितताओं के कारण एफआईआई की निकासी जारी रहने से भारतीय बाजार शुरुआती बढ़त को बनाए रखने में विफल रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.65 प्रतिशत गिर गया, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुआ। हैंग सेंग इंडेक्स मामूली रूप से ऊपर बंद हुआ।

यूरोप के बाजार तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

शुक्रवार को सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,472.33 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,520.45 अंक पर बंद हुआ।

Related Articles

Back to top button