फर्जी IAS तृप्ति केस में नया मोड़: जांच अधिकारी पर ही रिश्वत मांगने का आरोप, केस में फंसाने की दी धमकी; ASI और हवलदार लाइन अटैच

मध्य प्रदेश के भोपाल में फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह से जुड़े मामले की जांच के दौरान नया विवाद सामने आया है। पहले नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायत करने वाली बैतूल निवासी युवती ने अब मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी पर ही रिश्वत मांगने और पैसे नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
युवती ख्याति की शिकायत के बाद डीसीपी जोन-2 विकास शहवाल ने बागसेवनिया थाने के एएसआई मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अब दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।
फर्जी IAS के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच कर रहे थे ASI
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के होटल-रिसॉर्ट की लीज दिलाने और नौकरी लगवाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया थाने में कई शिकायतें और केस दर्ज हैं। इन्हीं मामलों की जांच एएसआई मनोज शर्मा कर रहे थे।
आरोप है कि जांच और कार्रवाई के नाम पर एएसआई फरियादियों और आरोपितों से रुपये की मांग करते थे। हवलदार सुनील राठौर पर भी कथित तौर पर उनका सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
खाते में आई रकम बनी धमकी का आधार
तृप्ति सिंह का दो युवतियों के साथ एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें तीनों के खुद को आईएएस अधिकारी बताने की बात कही गई थी। इन युवतियों में बैतूल निवासी ख्याति भी शामिल थीं। ख्याति ने आरोप लगाया था कि तृप्ति ने नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे तीन लाख रुपये लिए थे।
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि तृप्ति सिंह के बैंक खाते से कुछ रकम ख्याति के खाते में ट्रांसफर हुई थी। आरोप है कि इसी लेनदेन को आधार बनाकर एएसआई मनोज शर्मा ने ख्याति से कथित तौर पर रुपये मांगे।
केस में आरोपित बनाने की दी धमकी
ख्याति का आरोप है कि एएसआई ने उससे कहा कि यदि उसने रुपये नहीं दिए तो तृप्ति के खाते से उसके खाते में रकम आने के आधार पर उसे भी मामले में आरोपित बनाया जा सकता है।
इस कथित धमकी के बाद ख्याति ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद डीसीपी ने एएसआई और हवलदार को थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
तृप्ति सिंह पर तीसरा केस भी दर्ज
उधर, ख्याति की शिकायत के आधार पर तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया थाने में एक और, यानी तीसरा केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस फर्जी आईएएस मामले में तृप्ति के खिलाफ चल रही जांच के साथ-साथ दोनों पुलिसकर्मियों पर लगाए गए रिश्वत मांगने के आरोपों की भी जांच कर रही है।



