‘मेरी शादी में जरूर आइए योगी जी…’ केरल की लड़की ने CM को लिखी 2 पन्नों की चिट्ठी, वजह इमोशनल कर देगी

केरल की रहने वाली अरुंधति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी शादी में शामिल होने का न्योता भेजा है. अरुंधति ने कहा है कि उनके लिए योगी सिर्फ एक मुख्यमंत्री या नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह हैं. बचपन में योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो देखने के बाद भावनाओं को लेकर उनकी सोच बदल गई थी. अब अपनी शादी के खास मौके पर उन्होंने योगी को हाथ से लिखी दो पन्नों की भावुक चिट्ठी भेजी है. इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री से शादी में आने या फिर अपना आशीर्वाद देने की अपील की है.
खुद को कमजोर समझती थीं अरुंधति
अरुंधति ने अपनी चिट्ठी में बचपन से जुड़ा एक किस्सा साझा किया है. उन्होंने बताया कि वह छोटी-छोटी बातों पर भावुक हो जाती थीं और कई बार रो पड़ती थीं. इस वजह से उन्हें लगता था कि शायद वह दूसरे लोगों के मुकाबले कमजोर हैं. उनके कुछ दोस्त भी मानते थे कि मजबूत बनने के लिए अपनी भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है. धीरे-धीरे अरुंधति के मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या जल्दी भावुक होना वास्तव में कमजोरी है और क्या अपनी भावनाओं को जाहिर करना गलत माना जाना चाहिए.
चचेरे भाई ने दिखाया योगी आदित्यनाथ का वीडियो
इसी दौरान अरुंधति के चचेरे भाई ने उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया. इस वीडियो में योगी भावुक नजर आ रहे थे. उनके भाई ने अरुंधति को समझाया कि भावुक होने का मतलब कमजोर होना नहीं है. कोई इंसान अपनी भावनाओं को जाहिर करने के बावजूद मजबूत हो सकता है. इस बात ने अरुंधति को सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्हें एहसास हुआ कि आंसू आना या अपनी भावनाएं व्यक्त करना किसी की कमजोरी का प्रमाण नहीं है. बचपन में हुई यह घटना उनके नजरिए में बदलाव की वजह बनी.
योगी से मिली खुद पर भरोसा रखने की सीख
अरुंधति के लिए वह वीडियो आज भी खास मायने रखता है. उससे उन्हें सीख मिली कि मजबूत होने का अर्थ अपनी भावनाओं को दबाना नहीं, बल्कि मुश्किल हालात में खुद पर भरोसा बनाए रखना भी है. गिरने के बाद दोबारा उठना और लगातार आगे बढ़ते रहना भी मजबूती की निशानी है. अरुंधति ने अपनी चिट्ठी में लिखा, ‘जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.’ वह योगी आदित्यनाथ के जीवन के सफर को हिम्मत और लगातार कोशिश करते रहने की मिसाल के रूप में देखती हैं.


अरुंधति ने योगी को बड़े भाई जैसा बताया
अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में अपने मन की भावनाएं खुलकर जाहिर की हैं. उन्होंने बताया कि वह योगी को केवल एक राजनीतिक नेता के तौर पर नहीं देखतीं, बल्कि उन्हें बड़े भाई जैसा मानती हैं. चिट्ठी में उन्होंने लिखा, ‘मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं. मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है.’ अरुंधति के मुताबिक, जब भी उनका खुद पर भरोसा कम होने लगता है, योगी से मिली सीख उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत देती है.
केरल में होगी अरुंधति और राहुल की शादी
अरुंधति अब अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं. उनकी और राहुल की शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होनी है. इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए अरुंधति चाहती हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समारोह में शामिल हों. इसी इच्छा के साथ उन्होंने योगी को हाथ से लिखी दो पन्नों की चिट्ठी भेजकर शादी का निमंत्रण दिया है. पत्र में उन्होंने यह भी बताया है कि उनके जीवन में योगी की सीख और प्रेरणा का कितना महत्व रहा है.
शादी में नहीं आ सके तो आशीर्वाद देने की अपील
अरुंधति जानती हैं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए शादी में शामिल होने के लिए केरल पहुंच पाना आसान नहीं हो सकता. इसलिए उन्होंने अपने पत्र में यह भी कहा है कि अगर योगी समारोह में नहीं आ पाते, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बहुत खास होगा.



