यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान शुरू, 152 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर, शाम 4 बजे तक डाले जाएंगे वोट

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है. इन सीटों में 5 स्नातक (Graduates) और 6 शिक्षक (Teachers) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा. कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर राज्य के बाकी 72 जिलों में होने वाले इस मतदान में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

किन सीटों पर हो रहा है मतदान?

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (5 सीटें): इस कोटे में लखनऊ डिवीजन, वाराणसी डिवीजन, आगरा डिवीजन, मेरठ डिवीजन और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं.

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (6 सीटें): इस कोटे में लखनऊ डिवीजन, वाराणसी डिवीजन, आगरा डिवीजन, मेरठ डिवीजन, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.

वोटर्स और पोलिंग बूथ: इस चुनाव में कुल 14,81,310 मतदाता पंजीकृत हैं जिनके लिए 2,697 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) बनाए गए हैं.
प्रशासनिक तैनाती: मतदान को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने 11 प्रेक्षक, 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं. साथ ही सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं.

पहचान पत्र के लिए कौन से दस्तावेज हैं मान्य?

मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए मतदाताओं को अपनी पहचान सुनिश्चित करनी होगी.इसके लिए नीचे दिए गए मूल प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
1.आधार कार्ड

 

2.ड्राइविंग लाइसेंस

 

3.पैन कार्ड

 

4.पासपोर्ट

 

5.सरकारी कर्मचारियों का सेवा पहचान पत्र

 

6.विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र

 

7.दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण पत्र

↑
Exit mobile version