विदेशी कोषों की लगातार निकासी से शेयर बाजारों में चौथे दिन गिरावट सेंसेक्स 570 अंक टूटा

विदेशी कोषों की लगातार निकास, उच्च बॉन्ड प्रतिफल और कच्चे तेल की कीमतों में ताजा उछाल से बाजार बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गुरुवार को लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 प्रतिशत गिरकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,187.41 अंक यानी 1.63 प्रतिशत गिरकर 71,292.88 अंक पर आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,421.95 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, आईटीसी, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटरनल के शेयरों में प्रमुख गिरावट रही।
इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक विजेताओं में शामिल थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 10,148.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
ब्रेंट कच्चा तेल 2.77 प्रतिशत बढ़कर 100.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “बाजार में बिकवाली मुख्य रूप से बाहरी कारकों से प्रेरित हुई है, जिसमें बॉन्ड यील्ड कई साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई है और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं, जिससे 2026-27 के लिए आर्थिक दृष्टिकोण के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 सूचकांक तेजी के साथ बंद हुआ।
यूरोप के बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘अमेरिका के 10 साल के ट्रेजरी यील्ड में नए सिरे से 5.34 फीसदी की बढ़ोतरी ने डॉलर की परिसंपत्तियों की सापेक्ष अपील को मजबूत किया और उभरते बाजार इक्विटी के लिए वैल्यूएशन की बाधा को बढ़ा दिया।
रिसर्च एनालिस्ट फर्म एचएसटी वेल्थ के फाउंडर और सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘पिछले सत्र में विदेशी निवेशकों ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की थी, ऐसे में अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़ने से विदेशी बिकवाली का दबाव बना रह सकता है और भारतीय शेयरों पर और असर पड़ सकता है।
बुधवार को सेंसेक्स 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,480.29 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,620.45 अंक पर बंद हुआ।



