ENG vs IND: लीड्स टेस्ट; चौथे दिन भारत की धमाकेदार बल्लेबाज़ी की उम्मीद, आंकड़ों में ऑस्ट्रेलिया से भी आगे

ENG vs IND: लीड्स टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी बढ़त लेने की कोशिश करेगी। जानें आंकड़ों के अनुसार क्यों है भारत चौथे दिन सबसे खतरनाक टीम।
ENG vs IND: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में अब तक तीन दिन का खेल हो चुका है और मैच रोमांचक मोड़ पर आ पहुंचा है। भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम भी 465 रन बनाकर मुकाबले को बराबरी पर ले आई। अब बारी है चौथे दिन की, जहां टीम इंडिया इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने के इरादे से बल्लेबाज़ी करेगी।
टीम इंडिया का चौथे दिन शानदार प्रदर्शन| ENG vs IND
आंकड़े बताते हैं कि टीम इंडिया टेस्ट मैच के चौथे दिन बेहतरीन बल्लेबाज़ी करती है। साल 2023 से अब तक भारत ने टेस्ट में 10 बार चौथे दिन बल्लेबाज़ी की है, जिसमें उन्होंने कुल 1943 रन बनाए हैं। इस दौरान टीम का औसत रन रेट 4.20 रहा है, जो ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और इंग्लैंड जैसी टीमों से बेहतर है। ऑस्ट्रेलिया ने इसी अवधि में चौथे दिन 14 पारियों में केवल 1876 रन बनाए और उनका रन रेट 3.7 रहा।
इस आंकड़े से साफ है कि जब टेस्ट मैच के चौथे दिन की बात आती है, तो टीम इंडिया का परफॉर्मेंस शानदार रहता है। ऐसे में लीड्स टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाज़ों से एक बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है।
शुभमन गिल पर रहेंगी निगाहें
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल चौथे दिन के विशेषज्ञ माने जा सकते हैं। गिल ने विदेशों में टेस्ट के चौथे दिन 56.5 के औसत से रन बनाए हैं, जो पहले दिन (43.6), दूसरे दिन (18) और तीसरे दिन (30.8) की तुलना में कहीं ज्यादा है। चौथे दिन उनका स्ट्राइक रेट भी करीब 70 का रहा है।
गिल ने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 147 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिससे उनके आत्मविश्वास में इज़ाफा हुआ है। अब जब टीम दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करने उतरेगी, तो गिल से एक और दमदार पारी की उम्मीद की जा रही है।
भारत को चाहिए बड़ी बढ़त
मैच में अब केवल दो दिन का खेल बचा है। भारत अगर इस मुकाबले को जीतना चाहता है तो उसे आज के दिन तेजी से रन बनाकर इंग्लैंड के सामने एक बड़ा टारगेट सेट करना होगा। गेंदबाज़ों को दूसरी पारी में मदद देने के लिए पिच पर रफ बनना शुरू हो चुका है, जिसका फायदा भारतीय स्पिनर्स उठा सकते हैं।
कुल मिलाकर, लीड्स टेस्ट का चौथा दिन भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। यदि टीम इंडिया अपने चौथे दिन के रिकॉर्ड को बरकरार रखती है, तो इंग्लैंड के लिए मुकाबला बचाना मुश्किल हो सकता है।



