‘सैयारा’ ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर तहलका, अहान पांडे की डेब्यू फिल्म ने 3 दिन में कमाए ₹83 करोड़

मोहित सूरी द्वारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी वाली इस फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड यानी पहले तीन दिनों में ही ₹83 करोड़ की कमाई कर ली है। यह 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्मों में शामिल हो गई है, जिसने मोहित सूरी की पिछली फिल्मों ‘एक विलेन’ और ‘आशिकी 2’ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
तीन दिन में कमाए ₹83 करोड़- सैयारा
शुक्रवार को फिल्म ने ₹21 करोड़, शनिवार को ₹25 करोड़ और रविवार को लगभग ₹37 करोड़ की कमाई की। हिंदी भाषी क्षेत्रों में रविवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी 71.18% रही, जो किसी भी नई फिल्म के लिए शानदार मानी जाती है। दर्शकों को फिल्म की कहानी, सिनेमैटोग्राफी और संगीत खूब पसंद आ रहा है।
‘सैयारा’ अहान पांडे की डेब्यू फिल्म है और उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। अनीत पड्डा की भी यह पहली मुख्य भूमिका है और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को सराहा जा रहा है। फिल्म की सफलता ने दोनों नए सितारों के करियर की एक मजबूत नींव रख दी है।
इस रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ने न केवल अपना बजट पहले तीन दिनों में निकाल लिया है, बल्कि 2025 की टॉप-ग्रॉसिंग फिल्मों में भी अपनी जगह बना ली है। अब देखना होगा कि ‘सैयारा’ आने वाले हफ्तों में क्या नए रिकॉर्ड बनाती है।



