राज्यबिहार

बेगूसराय के होटल में महिला से दुष्कर्म! वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।

पीड़िता ने दो लोगों पर हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया व वाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का आरोप लगाया है। नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी मनीष ने होटल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है।

पीड़िता ने 28 सितंबर की देर शाम नगर थाना पहुंचकर आवेदन दिया। आवेदन में पीड़‍िता ने बताया है कि घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे की है।

पड़ोसी ने अपने साथी के साथ क‍िया दुष्‍कर्म

वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पड़ोसी विकास सहनी मिला। आरोप है कि उसने पीड़िता को झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।

इसके बाद वह पीड़िता को अपने आवासीय मकान के समीप ले गया, जहां पहले से रोहित कुमार मौजूद था। दोनों उसे बातचीत के बहाने ब्लू डायमंड होटल ले गए।

आवेदन के अनुसार, होटल के कमरे में आरोपितों ने दरवाजा बंद कर दिया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया गया, जिसे बाद में इंटरनेट मीडिया पर पोस्‍ट कर दिया। पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचने और स्वजन को घटना की जानकारी देने की बात कही है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को सूचित किया गया है।

महिला पुलिस पदाधिकारियों की देखरेख में पीड़िता का मेडिकल सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। वहीं, घटना में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नगर थाना में कांड संख्या 451/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 के तहत प्राथमिकी की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आइटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला अंकित किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में कुछ और

शहर के होटल में दुष्कर्म और वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। एफएसएल टीम, जिला आसूचना शाखा और नगर थाना पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच पड़ताल की।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपित सात बजे जबकि महिला आठ बजे आती दिख रही है। दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर दोनों एक साथ होटल से निकलते द‍िख रहे।

इधर पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के पड़ोस में आरोपित की बहन रहती है। आरोपित ने महिला के मोबाइल पर उसका आपत्तिजनक वीडियो भेज कर होटल बुलाया था।

होटल के कमरे में मारपीट और दुष्कर्म का वीडियो बना कर पीड़िता की सहेलियों को भेज दिया, इसके बाद पीड़िता स्वजन की सलाह पर थाना पहुंची।

आरोपित ने पहले 204 नंबर कमरा लिया और महिला के आने के बाद कमरा नंबर 203 में शिफ्ट हो गया। आरोपित अक्सर इस होटल में आया जाया करता था और होटल प्रवंधन से उसकी अच्छी पहचान हो गई थी। 1200 किराया जी जगह आरोपित ने महिला को छोड़ कर आने की बात कहते हुए 800 रूपये नकद ही दिया था।

Related Articles

Back to top button