यूपी में 28 अक्टूबर को 1000 पदों के लिए लगने जा रहा है रोजगार मेला, 10वीं से लेकर ग्रेजुएट्स को मौका, जानें पूरी डिटेल

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की तरफ से शामली में एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस मेले में 1000 से ज्यादा पदों पर भर्तियां की जाएंगी. युवाओं को रोजगार देने के लिए 40 से ज्यादा नामी कंपनियां रोजगार मेले में शामिल हो रही हैं. जिन उम्मीदवारों ने 10वीं पास से लेकर बीटेक तक की पढ़ाई की है, वह नौकरी पाने के लिए इस मेले में शामिल हो सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को योग्यता और पद के अनुसार हर महीने 35000 रुपए तक सैलरी दी जाएगी.
कब और कहां लगेगा रोजगार मेला
शामली में यह बड़ा रोजगार मेला 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है. इस मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी. युवाओं को नौकरी के अवसर पाने के लिए शामली के वी.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पहुंचना होगा, जहां इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.
रोजगार मेले के लिए जरूरी योग्यता
जिन युवाओं ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन किया है, वो इसमें शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और अन्य तकनीकी या गैर-तकनीकी पढ़ाई करने वाले युवा भी इस मेले में शामिल हो सकते हैं. मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की उम्र 18 साल से 35 साल के बीच होनी चाहिए.
कितने पदों पर होगी भर्ती
शामली में लगने वाले इस रोजगार मेले में 40 से ज्यादा प्रतिष्ठित कंपनियां 1000 से ज्यादा पदों पर भर्तियां करने के लिए शामिल हो रही हैं. जो भी युवा अपनी योग्यता के अनुसार इन कंपनियों में चुने जाएंगे, उन्हें हर महीने 10000 रुपये से लेकर 35000 रुपये तक की अच्छी सैलरी दी जाएगी.
मेले के लिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
इस रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को सबसे पहले अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा, जो पूरी तरह से फ्री है. इच्छुक उम्मीदवार ‘रोजगार संगम’ के आधिकारिक पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर आसानी से अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. इसके अलावा किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए सरकार की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 155330 भी जारी किया गया है, जिस पर फोन करके युवा पूरी जानकारी ले सकते हैं.



