
किसान की बेटी ने न केवल पढ़ाई बल्कि खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर यह साबित कर दिया है कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं।
एक साधारण किसान परिवार से होने के बावजूद संसाधनों की कमी कभी उनकी राह नहीं रोक सकी। दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स की थांग-ता चैंपियनशिप में बिहार ने कुल पांच पदक जीते हैं।
कांस्य पदक हासिल
इसमें साहेबगंज के वैद्यनाथपुर स्थित सार्थक प्राइमरी स्कूल की छात्रा अर्चना कुमारी ने अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल मुजफ्फरपुर बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ा है। कक्षा आठवीं की मेधावी छात्रा अर्चना की इस सफलता के पीछे उनके कड़े अभ्यास और लगन का बड़ा योगदान रहा है।
मिला खास मार्गदर्शन
अर्चना की इस सफलता में कोच अशफाक अहमद और प्रिंसिपल राजा सर का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है। विद्यालय के निदेशक सुरेश प्रसाद चौधरी ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गहरी खुशी जताई है।
किसान राकेश भगत की पुत्री अर्चना मूल रूप से पूर्वी चंपारण के कैथवलिया गांव की रहने वाली हैं, किंतु उनकी स्कूली शिक्षा साहेबगंज, मुजफ्फरपुर से ही हो रही है।
प्रेरणास्रोत बनीं अर्चना
संसाधनों के अभाव के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। अर्चना की यह सफलता आसपास की उन तमाम युवा लड़कियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ना चाहती हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में जश्न का माहौल है।



