बिज़नेस

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हुआ

देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह नवंबर को समाप्त सप्ताह में 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया।

इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.691 अरब डॉलर घटकर 717.056 अरब डॉलर रह गया था।

प्रवासी भारतीयों से जमा के लिए विशेष रियायती अदला-बदली के तहत मुद्रा के भारी प्रवाह से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था, जिसके माध्यम से बैंकों ने रिकॉर्ड 133 अरब डॉलर जुटाए थे, लेकिन तब से इसमें गिरावट आ रही है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार छह नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां 23.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 591.350 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के संदर्भ में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी इकाइयों के मूल्य में वृद्धि या मूल्यह्रास के प्रभाव शामिल होते हैं।

रिजर्व बैंक ने कहा कि आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.205 अरब डॉलर बढ़कर 104.796 अरब डॉलर हो गया।

केंद्रीय बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.610 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि आईएमएफ में भारत का आरक्षित भंडार 10 लाख डॉलर बढ़कर 4.791 अरब डॉलर हो गया।

Related Articles

Back to top button