
Makhana Fish Integrated : किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर की ओर से एक नई पहल की गई है। मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए जिले के 38 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों का दल मंगलवार को चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण के लिए पूर्वी चंपारण रवाना हुआ। किसानों के इस दल को तिलकामांझी स्थित कृषि भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पिपराकोठी में 25 से 28 नवंबर तक सीखेंगे समेकित खेती के गुर
यह चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 से 28 नवंबर तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पिपराकोठी (पूर्वी चंपारण) में आयोजित किया जाएगा। इसमें भागलपुर के किसानों को मखाना की खेती के साथ मत्स्य पालन (मछली पालन) को जोड़कर समेकित कृषि प्रणाली विकसित करने की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इसके माध्यम से किसान एक ही जलीय कृषि व्यवस्था से आय के कई स्रोत विकसित करने की आधुनिक तकनीक सीख सकेंगे।
कृषि लागत घटाकर आमदनी बढ़ाना है मुख्य लक्ष्य : प्रभात कुमार सिंह
आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मखाना उत्पादन के साथ मत्स्य पालन को जोड़कर किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना है। जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, मखाना उत्पादन की उन्नत विधियों और समेकित खेती के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया जाएगा, जिससे उन्हें पारंपरिक खेती के साथ नई कृषि गतिविधियां अपनाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान को किसान अपने खेतों और तालाबों में सीधे लागू कर सकेंगे। इससे कृषि लागत कम करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के साथ-साथ आमदनी बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी। किसानों के इस दल को नवगछिया एवं बिहपुर के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक परमेश्वर कुमार सिंह और कुमार गौतम के नेतृत्व में रवाना किया गया है।



