टेक्नॉलॉजी

7 साल तक फोन चलाना है तो खरीदते समय जरूर चेक करें ये जरूरी चीज, वरना बाद में हो सकता है पछतावा!

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। पावरफुल प्रोसेसर, बेहतरीन कैमरा और सुंदर डिस्प्ले का कोई मतलब नहीं है, अगर आपके फोन में नए और जरूरी एप्स चलने बंद हो जाएं और सिक्योरिटी के खतरों से निपटने में आपका डिवाइस अक्षम हो जाए। नया फोन लेते समय लंबे समय तक साफ्टवेयर सपोर्ट का वादा भले आपको आकर्षक न लगता हो, पर भविष्य में यह समझदारी भरा फैसला साबित हो सकता है।

आपरेटिंग सिस्टम (ओएस) का अपडेट नए फीचर्स, इंटरफेस में सुधार, परफार्मेंस आप्टिमाइजेशन और नई टेक्नोलाजी के साथ कंपैटिबिलिटी को बढ़ाता है। वहीं, सिक्योरिटी अपडेट उन कमजोरियों को ठीक करते हैं जो पर्सनल जानकारी, फाइनेंशियल डिटेल्स और प्राइवेट कम्युनिकेशन को उजागर कर सकती हैं। इन अपडेट्स से आपके स्मार्टफोन की उपयोगी लाइफ बढ़ती है।

स्मार्टफोन की बढ़ती कीमतों, कास्मेटिक बदलावों और डाटा सुरक्षा की बढ़ती चिंताओं के इस दौर में ऐसे फोन की मांग बढ़ रही है, जिसे यूजर लंबे समय तक चिंता मुक्त होकर चला सकें। सैमसंग, गूगल जैसी कंपनियां अब छह से सात साल तक ओएस और सिक्योरिटी अपडेट का वादा कर रही हैं, जो एक तरह से आपके लिए लांगटर्म और भरोसेमंद इन्वेस्टमेंट आप्शन की तरह है।

क्यों बदल रहा है ट्रेंड

कुछ वर्षों पहले तक स्मार्टफोन खरीदने के साथ एक अनकही उम्मीद रहती थी कि इसे दो या तीन साल इस्तेमाल करो, फिर कोई नया माडल ले लो। अक्सर ऐसा होता भी था, क्योंकि साफ्टवेयर अपडेट मिलने बंद हो जाते थे, जिससे नए एप्स चलाने में मुश्किल होने लगती थी। इससे भी लोग नया फोन लेने के लिए वि‍वश होते थे। अब यह तरीका धीरे-धीरे बदल रहा है। स्मार्टफोन कंपनियां समझने लगी हैं कि यूजर फोन की सही वैल्यू चाहते हैं।

बार-बार अपग्रेड को बढ़ावा देने के बजाय, कंपनियां आपरेटिंग सिस्टम सपोर्ट बढ़ा रही हैं, लंबे समय तक सिक्योरिटी अपडेट का वादा कर रही हैं। अब ज्यादातर फ्लैगशिप डिवाइसेज के लिए यह वादा सात साल तक किया जा रहा है। हालांकि, एपल पहले से ही आइफोन को लंबे समय तक सपोर्ट करता है। सात साल के सिक्योरिटी अपडेट और सात बड़े आपरेटिंग सिस्टम अपग्रेड एक ही चीज नहीं है। सिक्योरिटी सपोर्ट तब भी जारी रह सकता है, जब फोन को बड़े ओएस अपग्रेड मिलने बंद हो जाएं।

क्यों महत्वपूर्ण हैं ये अपडेट

हर साफ्टवेयर कंपोनेंट में ऐसी कमजोरियां होती हैं, जिनका फायदा साइबर क्रिमिनल उठा सकते हैं, वे बिना अनुमति एक्सेस पाने, जानकारी से छेड़छाड़ करने या डिवाइस में रुकावट डालने के लिए ऐसा कर सकते हैं। इससे बचने के लिए ही मैन्युफैक्चरर सिक्योरिटी पैच रिलीज करते हैं। हालांकि, इन पैच के बिना भी पुराना फोन सामान्य काम कर सकता है, पर धीरे-धीरे सिक्योरिटी खतरों के प्रति उसकी संवेदनशीलता बढ़ती जाती है।

खतरा हमेशा दिखाई नहीं देता, वह समय के साथ बढ़ सकता है। बैंकिंग एप्स, डिजिटल पेमेंट सर्विस, ईमेल, बिजनेस डाक्यूमेंट और पर्सनल अकाउंट को एक्सेस करने के लिए इस्तेमाल होने वाले डिवाइस के लिए यह एक चिंता का विषय हो सकता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

ओएस अपडेट और सिक्योरिटी अपडेट के बीच अंतर

  • आपरेटिंग सिस्टम अपग्रेड : ये एंड्रायड या आइओएस के नए वर्जन लाते हैं, जिससे इंटरफेस में बदलाव, एक्स्ट्रा फीचर, परफार्मेंस में सुधार और अधिक कंपैटिबिलिटी मिलती है।
  • सिक्योरिटी अपडेट : ये सुरक्षा खामियों को ठीक करते हैं और डिवाइस को जाने-पहचाने सिक्योरिटी खतरों से बचाने में मदद करते हैं।

अन्य बातें भी हैं महत्वपूर्ण

सात साल के सपोर्ट के वादे वाला अधिक महंगा फोन और सिर्फ तीन साल के अपडेट पाने वाले सस्ते फोन के मुकाबले लंबे समय तक बेहतर वैल्यू दे सकता है। बेशक, सिर्फ साफ्टवेयर सपोर्ट सात साल तक आरामदायक इस्तेमाल की गारंटी नहीं दे सकता।

बैटरी खराब होना, फिजिकल डैमेज, स्टोरेज की सीमाएं और समय के साथ हार्डवेयर की परफार्मेंस में आने वाली गिरावट भी मायने रखती हैं। ऐसे में स्मार्टफोन खरीदते समय सिर्फ स्पेसिफिकेशंस के आधार पर फैसला लेना उचित नहीं होता। यह भी देखना चाहिए कि आपका फोन कितने समय तक चलेगा।

कुछ उपयोगी बातें

  • नया फोन लेते समय देखें कि कितने वर्षों के अपग्रेड का वादा किया गया है।
  • कितने वर्षों तक सिक्योरिटी अपडेट मिलने की गारंटी है।
  • सपोर्ट की अवधि कब से शुरू होती है- लांच, रिलीज या खरीदारी की तारीख से।
  • क्या कंपनी ने अपनी अपडेट पालिसी को स्पष्ट रूप से बताया है।
  • क्या जरूरी एप्स इस डिवाइस पर आगे भी काम करते रहेंगे।
  • कंपनी का पिछला रिकार्ड भी देखना जरूरी है। लंबे समय तक अपडेट देने का वादा भर ही पर्याप्त नहीं होता।

क्या सुरक्षित है पुराना फोन

इसका आसान जवाब है-यह संभव है, पर रोजमर्रा के कार्यों के लिए नहीं। जिस स्मार्टफोन पर सिक्योरिटी अपडेट मिलना बंद हो जाता है, वह बेकार या स्वत: मैलवेयर से संक्रमित नहीं हो जाता। इसकी कालिंग, मैसेजिंग, कैमरा और अन्य बुनियादी सुविधाएं सालों तक काम करती हैं।

हालांकि, सुरक्षा पैच न मिलने से इसमें खतरा लगातार बढ़ता जाता है। कल्पना कीजिए कि आप ऐसे घर में रह रहे हैं जिसके तालों की देखरेख नहीं की जा रही है। अगर किसी को उन तालों को तोड़ने का तरीका पता चल जाए, तो अचानक खतरा स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है।

अनसपोर्टेड फोन का इन कार्यों में इस्तेमाल से बचें

  • बैंकिंग एप्स और वित्तीय लेनदेन।
  • यूपीआइ भुगतान और डिजिटल वालेट।
  • संवेदनशील जानकारी वाले ईमेल अकाउंट।
  • काम से जुड़े एप्स और गोपनीय दस्तावेज
  • आनलाइन शापिंग और ऐसे अकाउंट, जिनमें पेमेंट डिटेल्स सेव होती है।
  • निजी तस्वीरें, फाइलें और क्लाउड सेवाओं तक पहुंच।

पुराने फोन का कैसे करें बेहतर इस्तेमाल

  • एप्स अपडेट रखें: आधिकारिक एप स्टोर से अपडेट इंस्टाल करें और जांचें कि क्या जरूरी एप्स आपके डिवाइस को अभी भी सपोर्ट करते हैं।
  • ब्राउजर अपडेटेड रखें: वेब ब्राउजर सुरक्षा के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। जब तक आपका डिवाइस उनके लेटेस्ट वर्जन को सपोर्ट करता है, तब तक उन्हें अपडेट रखें।
  • संदिग्ध लिंक से बचें: अनजान अटैचमेंट, अज्ञात लिंक या संदिग्ध डाउनलोड को न खोलें।
  • गैर-जरूरी एप्स हटा दें: ऐसी एप्स की संख्या कम करें, जिनकी आपके निजी डाटा तक पहुंच है।
  • लेन-देन से बचें: बैंकिंग, यूपीआइ पेमेंट और अन्य संवेदनशील कामों के लिए ऐसे फोन का प्रयोग करने से बचें।
  • बैकअप रखें: अपनी जरूरी फोटो, डाक्यूमेंट और कांटैक्ट्स का सुरक्षित बैकअप रखें।

Related Articles

Back to top button