बिहारराज्य

बिहार में चुनावी जमीन तैयार करने में जुटी चिराग की पार्टी, 50 लाख सदस्य बनाकर NDA में ज्यादा सीटों पर ठोकेगी दावा

लोक जनशक्ति पार्टी (आर) बिहार में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाने के साथ भविष्य के चुनावों की जमीन तैयार करने में जुट गई है।

पार्टी ने वर्ष 2027 तक 50 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य बनाया है। पार्टी की मंशा सदस्यता अभियान के जरिये पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक ऐसा संगठन खड़ा करने की है, जो चुनाव के समय उसकी ताकत बने।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने 50 लाख नए सदस्य जोड़ने का एलान किया।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चिराग पासवान के निर्देश पर पार्टी ने इस वर्ष 50 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का निर्देश दिया था। जिसके बाद इस दिशा में कवयाद शुरू की गई है।

पार्टी की योजना विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय नेटवर्क मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर रहेगा।

संगठन की यह ताकत चुनाव के दौरान प्रचार, मतदाताओं तक पहुंच और बूथ प्रबंधन में काम आएगी। सूत्र बताते हैं कि इस सांगठनिक कवायद का एक अहम राजनीतिक पहलू एनडीए में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना भी है।

गठबंधन में सीटों का बंटवारा होने पर दल अपने जनाधार, पिछले चुनावों के प्रदर्शन और संबंधित क्षेत्रों में संगठन की मजबूती के आधार पर दावेदारी पेश करते हैं। लोजपा (आर) भी राज्य में अपनी पहुंच का विस्तार कर भविष्य में अधिक विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए आधार तैयार करना चाहती है।

सक्रियता बढ़ाने की कोशिश

पार्टी की कोशिश है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से उन क्षेत्रों में भी अपनी सक्रिय मौजूदगी बनाए, जहां फिलहाल उसका संगठन सीमित है।

इससे न केवल चुनावी तैयारी का दायरा बढ़ेगा, बल्कि सीटों के बंटवारे के दौरान पार्टी अपनी सांगठनिक क्षमता और जमीनी सक्रियता को अधिक सीटों की मांग के समर्थन में पेश कर सकेगी।

हालांकि, 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य तभी चुनावी ताकत में बदलेगा, जब सदस्यता अभियान सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ नेटवर्क में तब्दील हो। यानी लोजपा (आर) के लिए संगठन विस्तार अब केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य के चुनावों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी भी है।

Related Articles

Back to top button