
धान-गेहूं की परंपरागत खेती के बीच अब रेशम उत्पादन ग्रामीण किसानों के लिए कमाई का नया विकल्प बनकर उभर रहा है। छौड़ाही प्रखंड क्षेत्र के नारायणपीपड़ में पहली बार शुरू किए गए एरी रेशम कीट पालन ने इस दिशा में उम्मीद जगाई है।
क्षेत्र के प्रगतिशील किसान संजीव कुमार ने करीब 60 हजार एरी रेशम कोकून (कोसा) का उत्पादन कर इस नई पहल की सफलता को साबित किया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्साहित केंद्रीय रेशम बोर्ड ने शनिवार को नारायणपीपड़ में कृषक क्षेत्र दिवस का आयोजन कर अन्य किसानों को भी इस व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय रेशम बोर्ड के क्षेत्रीय रेशम अनुसंधान केंद्र (आरएसआरएस), बेगूसराय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड की विज्ञानी-डी डॉ. लोपामुद्रा गुहा सहित बिहार सरकार के रेशम निदेशालय, बेगूसराय एवं मुजफ्फरपुर के अधिकारियों ने भाग लिया।
इस दौरान वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों के साथ सीधा संवाद किया तथा एरी रेशम कीट पालन की उपयोगिता, उत्पादन की संभावनाओं और आर्थिक लाभ की जानकारी दी।
रेशम कीट पालन बेहतर व्यवसाय
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के साथ आजीविका के दूसरे साधन विकसित करना समय की जरूरत है। एरी रेशम कीट पालन किसानों के लिए एक बेहतर वैकल्पिक व्यवसाय बन सकता है।

केंद्रीय रेशम बोर्ड द्वारा छौड़ाही प्रखंड क्षेत्र के नारायणपीपड़ गांव में आयोजित कृषक क्षेत्र दिवस कार्यक्रम में ऐरी संस्कृति की अर्थव्यवस्था पुस्तिका का विमोचन करते अतिथि। (सौजन्य: आयोजक)
इससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। संजीव कुमार की सफलता को दूसरे किसानों के लिए उदाहरण बताते हुए अधिकारियों ने इस गतिविधि का विस्तार करने पर जोर दिया।
कृषक क्षेत्र दिवस के अवसर पर एरी संस्कृति की अर्थव्यवस्था विषय पर तैयार सूचनात्मक पुस्तिका का विमोचन किया गया। पुस्तिका किसानों के बीच वितरित भी की गई।
इसमें एरी रेशम कीट पालन के आर्थिक पहलुओं, उत्पादन प्रक्रिया और इससे होने वाली संभावित आमदनी की जानकारी दी गई है। इसका उद्देश्य किसानों को इस व्यवसाय की व्यावहारिक और आर्थिक उपयोगिता से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में रेशम निदेशालय के अंतर्गत कार्यरत सेरीकल्चर को-आर्डिनेटर और तकनीकी कर्मियों ने भी किसानों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से इस पहल से जुड़ने तथा एरी रेशम कीट पालन को अपनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि रेशम उत्पादन केवल पारंपरिक रेशम उत्पादक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है।
नए क्षेत्रों में भी इसे सफलतापूर्वक विकसित किया जा सकता है। नारायणपीपड़ में पहली बार करीब 60 हजार कोकून का उत्पादन इस संभावना का उदाहरण है।
केंद्रीय रेशम बोर्ड की इस पहल से नारायणपीपड़ सहित आसपास के गांवों में एरी रेशम कीट पालन का दायरा बढ़ने और किसानों के लिए आय का नया स्रोत विकसित होने की उम्मीद है।



