Amla Navami 2026: 18 नवंबर को मनाई जाएगी आंवला नवमी, इन चीजों का जरूर करें दान, मिलेगा अक्षय पुण्य का फल

हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाया जाता है, जिसे अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व देवउठनी एकादशी से दो दिन पहले मनाया जाता है। आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा की जाती है। इस दिन दान-पुण्य करना बहुत ही पुण्यकारी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दान करने से उसका पुण्यफल कभी कम नहीं होता और व्यक्ति को न केवल इस जन्म में अपितु आगामी जन्मों में भी उसका पुण्य प्राप्त होता है। तो आइए जानते हैं कि आंवला नवमी के दिन किन चीजों का दान करना चाहिए।
आंवला नवमी के दिन इन चीजों का करें दान
- आंवला का दान- इस दिन किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद को ताजे आंवले का दान करें। ऐसा करने से अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
- अन्न का दान- आंवला नवमी के दिन किसी गरीब या जरूरतमंद को अन्न का दान करें। अन्न का दान करने से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है।
- वस्त्र का दान- आंवला या अक्षय नवमी के दिन वस्त्र का दान करना भी शुभ और फलदायी माना जाता है। किसी गरीब या जरूरतमंद को गर्म कपड़े या कंबल का दान करें।
- धन का दान- आंवला नवमी के दिन धन का दान करने से धन-धान्य में बरकत होती है।
- तिल और गुड़ का दान- कार्तिक मास में तिल और गुड़ का दान करना बहुत ही पुण्यकारी माना जाता है। आंवला नवमी पर तिल और गुड़ का दान करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और घर से दरिद्रता दूर होती है।
आंवला नवमी 2026 डेट और पूजा मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि का आरंभ 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर होगा। नवमी तिथि का समापन 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर होगा। आंवला नवमी 18 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। वहीं आंवला नवमी की पूजा के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 6 मिनट तक रहेगा।
आंवला नवमी का महत्व
आंवला नवमी का शास्त्रों में बहुत बड़ा महत्व बताया गया है। आंवला नवमी के दिन आंवले के पेड़ की पूजा का खास महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन आंवले के पेड़ से अमृत बरसता है, इसलिए अक्षय नवमी के दिन आंवले पेड़ के नीचे लोग खाना भी खाते हैं। इसे इच्छा नवमी, अक्षय नवमी, कूष्मांड नवमी, आरोग्य नवमी और धातृ नवमी के नाम से भी जाना जाता है। अक्षय नवमी का व्रत करने से पुण्य से सुख-शांति, सद्भाव और वंश वृद्धि का फल प्राप्त होता है। आंवला नवमी के दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना करने का विधान है।



