सिंगरौली में रेलवे क्रॉसिंग पर तीन लोग ट्रेन की चपेट में आए; पिता समेत दो की मौत, बेटा गंभीर

सिंगरौली जिले में मंगलवार देर रात दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बरगवां थाना क्षेत्र के कसर गांव के पास मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार कर रहे तीन लोग तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रेन का उन्हें अंदाजा नहीं लग पाया। जैसे ही वे ट्रैक पार करने लगे, तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान माड़ा थाना क्षेत्र के झकरकटिया गांव निवासी जगदीश गुर्जर (60) और रैला गांव निवासी जगनारायण साहू (45) के रूप में हुई है। हादसे में जगदीश गुर्जर का बेटा बंधुलाल गुर्जर (31) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जगदीश गुर्जर अपने बेटे बंधुलाल के साथ बेटी को छोड़ने भवडार जा रहे थे। उनके साथ जगनारायण साहू भी था। कसर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय तीनों हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



