राज्यउत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव मुझे उपमुख्यमंत्री बना दें तो… डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सगे साले ने सपा चीफ को दिए ये फॉर्म्युला

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सुर्खियों में हैं. इसकी वजह वो खुद नहीं बल्कि उनके सगे साले राजीव कुमार त्रिपाठी हैं. ब्रजेश पाठक का नाम यूपी के दिग्गज भाजपा नेताओं में शुमार है. मगर उनके सगे साले राजीव त्रिपाठी ने अखिलेश यादव को समर्थन देने का फेसबुक पर ऐलान कर दिया है. वहीं, राजीव त्रिपाठी ने सपा चीफ अखिलेश यादव से एक बड़ी मांग भी कर दी है. उन्होंने कहा है अखिलेश यादव बस उन्हें सरकार बनने पर उपमुख्यमंत्री बनाने का ऐलान कर दें. खबर में आगे जानिए राजीव त्रिपाठी ने ऐसा क्यों कहा?

आपको बता दें कि 4 पहले राजीव त्रिपाठी ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया. इस पोस्ट में उन्होंने कहा, “सपा सुप्रीमो केवल घोषणा करें समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राजीव कुमार त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाएंगे. जो थोड़ा सा वोट इधर उधर बच रहा है, वह सभी एक तरफा समाजवादी पार्टी को मिल जाएगा और अखिलेश यादव पूर्ण बहुमत से मुख्यमंत्री…”

  ‘बहन और जीजा से कोई राजनीतिक संबंध नहीं’

एक अन्य पोस्ट में राजीव कुमार त्रिपाठी ने अपनी फेसबुक पोस्ट में अपने पारिवारिक रिश्तों का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि नम्रता पाठक उनकी सगी बड़ी बहन हैं और ब्रजेश पाठक उनके जीजा हैं. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक कारणों से उनका अपनी बहन और जीजा से कोई राजनीतिक संबंध नहीं है.

राजीव त्रिपाठी ने मांगी माफी

राजीव त्रिपाठी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके इस कदम से अगर उनकी बहन नम्रता पाठक और ब्रजेश पाठक को कष्ट हुआ है, तो वह अपने भविष्य को देखते हुए उनसे क्षमा मांगते हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक रुख को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया है. राजीव त्रिपाठी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी की समाजवादी विचारधारा से ओतप्रोत होकर पार्टी का प्रचार-प्रसार और विस्तार करेंगे.

जातीय समीकरण को लेकर भी कही बात

राजीव त्रिपाठी ने कहा कि वह जातीय समीकरण और जातिवाद को ध्यान में रखे बिना सभी जातियों के बीच समाजवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में योगदान देने की बात भी कही है.

सपा के समर्थन में सक्रिय भूमिका की बात

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सगे साले की ओर से समाजवादी पार्टी के समर्थन में खुलकर सामने आने के बाद उनकी फेसबुक पोस्ट को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. राजीव त्रिपाठी ने पोस्ट के जरिए अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही है.

Related Articles

Back to top button