
CM Nayab Saini: भारत की समृद्ध परंपरा और संस्कृति बनेगी ‘विकसित भारत’ की पहचान
CM Nayab Saini ने कहा कि भारत पूरी दुनिया को शांति का मार्ग दिखा रहा है। चाहे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति हो, पर्यावरण संरक्षण हो या वैश्विक महामारी से लड़ने का संकल्प, भारत ने हमेशा मानवता की भलाई के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत की यही परंपरा और संस्कृति ‘विकसित भारत’ की पहचान होगी।
CM Nayab Saini गुरुग्राम के सेक्टर 39 स्थित अहिंसा विश्व भारती संस्था द्वारा नवनिर्मित विश्व शांति केंद्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। विश्व शांति केंद्र का उद्घाटन भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद द्वारा किया गया।
CM Nayab Saini ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की महान संस्कृति और परंपरा ने हमेशा शांति, सहिष्णुता और सद्भाव का संदेश दिया है।
यह वह देश है, जहां पर हर युग और हर काल में भगवान श्रीराम और योगीराज श्रीकृष्ण से लेकर भगवान महावीर, महात्मा बुद्ध और गुरु नानक जैसी महान आत्माओं ने जन्म लेकर, अपने अपने समय में पूरे मानव समाज को सत्य, अहिंसा, प्रेम, एकता, शान्ति, सदभाव, दया, करूणा, परोपकार और मानवता का उपदेश दिया। उन्होंने मानव जाति में अमन चैन व शान्ति का वातावरण बनाने के लिए ऊंचे मानवीय आदर्शों की स्थापना की थी। CM Nayab Saini ने कहा कि सभी महापुरुषों ने अपनी पावन शिक्षाओं से मानवमात्र को जीवन का सही मार्ग दिखलाया। उनकी शिक्षाएं व उपदेश आज भी समय की कसौटी पर बिल्कुल खरे उतरते हैं।
CM Nayab Saini ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार भी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की नीति के साथ, समाज के हर वर्ग को एकजुट कर एक समरस समाज बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उसी प्रकार आज इस संस्था का प्रयास भी निश्चित रूप से यह संदेश देगा कि शांति केवल एक आदर्श नहीं, बल्कि एक जीवन जीने का तरीका है।
CM Nayab Saini ने इस दौरान उपस्थितजन से समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने तथा अहिंसा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर आयोजक जैन आचार्य डॉ. लोकेश मुनि सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।