
Delhi COVID Cases: दिल्ली में कोविड-19 के उपचाराधीन 104 लोग हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और अगर मामले बढ़ते हैं तो अस्पतालों में पूरी व्यवस्था है।
Delhi COVID Cases: कोरोना वायरस देश में फिर से फैल रहा है। सोमवार तक दिल्ली में भी 104 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बीच कहा कि कोविड-19 मामलों से घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर संख्या बढ़ती है तो अस्पताल इससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
CM रेखा गुप्ता ने बताया, “हमारे पास कोविड-19 मामलों का विवरण है।” हमारे अस्पतालों में हर सुविधा उपलब्ध है। हमने एक एडवाइजरी भी जारी की है। हमने परिस्थितियों का विश्लेषण किया है और कोई चिंता की बात नहीं है।:”
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों में सामान्य लक्षण हैं
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि नए वैरिएंट से होने वाले कोविड में केवल ‘वायरल फीवर’ के लक्षण हैं और अस्पतालों को एहतियाती उपायों के रूप में दिशानिर्देश भेजे गए हैं। दिल्ली सरकार पूरी तरह तैयार है, इसलिए आपको चिंता नहीं करनी चाहिए।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि अब तक 23 कोविड मामले सामने आए हैं और सरकार जांच कर रही है कि संक्रमित व्यक्ति अगर दिल्ली के निवासी हैं तो क्या वे हाल ही में शहर से बाहर गए हैं। मंत्री ने कहा कि कोविड-19 के इस स्वरूप के लक्षण सामान्य ‘इन्फ्लूएंजा’ जैसे हैं।
पिछले हफ्ते की स्थिति
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पिछले हफ्ते 24 मरीज संक्रमण से उबर गए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का “कोविड-19 डैशबोर्ड” पिछले सप्ताह 99 उपचाराधीन मरीजों की संख्या बताता है।
स्थिति नियंत्रण में है- अधिकारी
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने आंकड़ों की पुष्टि की और कहा कि हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन अधिकारी किसी भी संभावित परिस्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
केंद्र सरकार के अधिकारी ने कहा कि जो भी कोविड से संक्रमित हैं, यह पाया गया है कि इनमें से ज्यादातर मामले हल्के प्रकृति के हैं और घर पर ही देखभाल की जा रही है.



