


गुरमीत सिंह खुड्डियां: राज्य के आढ़तियों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य भर की मंडियों में आढ़तियों को अलाट की गई दुकानों और प्लाटों पर ब्याज और जुर्माने का बोझ कम करने के लिए एकमुश्त निपटारा (ओटीएस) स्कीम लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने दी। वह राज्य के किसानों के लिए परेशानी मुक्त अनुभव सुनिश्चित करने के लिए धान और अन्य खरीफ फसलों की खरीद को और सुचारू बनाने के लिए गठित मंत्री समूह के प्रमुख भी हैं।
पंजाब मंडी बोर्ड की ओटीएस योजना से बड़ी संख्या में आढ़तियों को लाभ मिलने, उनकी वित्तीय स्थिरता में वृद्धि होने तथा पंजाब में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर आढ़तियों ने कहा कि मंडियों में उपज की लोडिंग की भुगतान दर कई वर्षों से नहीं बढ़ाई गई है। उन्होंने इसमें वृद्धि की मांग की, जिस पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और जल्द ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
जि़क्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने खरीफ फसलों की निर्विघ्न खरीद को यकीनी बनाने के लिए मंत्रियों का एक समूह गठित किया है, जिसमें कृषि मंत्री स. गुरमीत सिंह खुडियां चेयरमैन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक, परिवहन मंत्री स. लालजीत सिंह भुल्लर और जल संसाधन मंत्री श्री बरिन्दर कुमार गोयल सदस्य हैं।