राज्यबिहार

बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र, तेजस्वी ने मांगी 5 हजार करोड़ की मदद; PM मोदी को घेरा

बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कहा है कि ये लोग कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे।

उन्होंने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार से तत्काल पांच हजार करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता देने की मांग की है।

साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए वायुसेना के हेलीकाप्टर उपलब्ध कराने की मांग की। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि गंगा के किनारे बसे बड़े इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं।

दियारा क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और छतों पर फंसे हुए हैं। ऐसे में प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत सामग्री और शिविरों की व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

पेयजल की समस्या पर जताई चिंता

तेजस्वी यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में विशेष ध्यान देना चाहिए। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पहले बाढ़ के दौरान वायुसेना के हेलीकाप्टरों के माध्यम से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जाती थी। इस बार भी केंद्र सरकार से वायुसेना की मदद मांगी जानी चाहिए।

प्रधानमंत्री से बिहार का दौरा करने की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार की बाढ़ की स्थिति को लेकर गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को तत्काल बिहार का दौरा कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेना चाहिए और राहत कार्यों में केंद्र की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार को केंद्र सरकार से विशेष पैकेज भी मिलना चाहिए, ताकि बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई और प्रभावित लोगों को राहत दी जा सके।

एक्स पर पोस्ट कर केंद्र से मांगी पांच हजार करोड़ की मदद

तेजस्वी यादव ने रविवार को अपने एक्स हैंडल पर भी बाढ़ को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने दावा किया कि बिहार का 76 प्रतिशत भूभाग बाढ़ग्रस्त है और 19 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं।

उनके अनुसार, 20 लाख से अधिक लोग बाढ़ की आपदा में फंसे हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाढ़ में पशुपालकों के मवेशी बह गए हैं और सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

तेजस्वी ने पोस्ट में केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने, तत्काल पांच हजार करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता देने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए वायुसेना के हेलीकाप्टरों का सहयोग सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अविलंब बिहार का दौरा कर बाढ़ की वास्तविक स्थिति का सर्वेक्षण कराने और प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें- 2014 में ₹384 का सिलेंडर लेकर प्रदर्शन, अब 1100 पर क्यों चुप? तेजस्वी यादव का मोदी सरकार पर तीखा वार

Related Articles

Back to top button