‘Panchayat 4’ का फिनाले बना फैंस के लिए झटका, IMDb पर सबसे कम रेटिंग, दर्शक बोले- अब पहले जैसा मजा नहीं रहा

‘Panchayat 4’ का फिनाले एपिसोड दर्शकों को खास पसंद नहीं आया। IMDb पर इसे अब तक की सबसे कम रेटिंग मिली है। फैंस ने शो में बढ़ती राजनीति और कहानी की गंभीरता को शो की सादगी खत्म करने वाला बताया।
नीना गुप्ता और जितेंद्र कुमार की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चौथे सीजन (Panchayat 4) का अंतिम एपिसोड दर्शकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। जहां पहले तीन सीजनों के फिनाले को खूब तारीफ मिली थी, वहीं इस बार का फिनाले एपिसोड ‘दबदबा’ फैंस को खास पसंद नहीं आया। इस एपिसोड को IMDb पर सिर्फ 8.4 की रेटिंग मिली है, जो अब तक की सबसे कम है। इससे पहले के सीजन फिनाले को क्रमश: 8.8, 9.6 और 9.0 रेटिंग मिली थी।
इस गिरावट का कारण फैंस के अनुसार शो में राजनीति और चुनावी कहानी का अधिक प्रभाव होना है। सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा, “अब वो पुरानी सादगी और हल्की-फुल्की कॉमेडी नहीं रही।” कुछ दर्शकों ने इसे “बोरिंग” और “खींचा हुआ” करार दिया।
कई लोगों का मानना है कि ‘पंचायत’ की खास बात उसकी सरलता और गांव की गर्माहट भरी कहानियां थीं, लेकिन इस सीजन में वह बात नज़र नहीं आई। अब दर्शकों को उम्मीद है कि आने वाले सीजन में मेकर्स शो को फिर से पुराने अंदाज में लौटाएंगे और वही सादगी व ह्यूमर वापस लाएंगे जिसने पहले दर्शकों का दिल जीता था।



