
कभी आतंक का गढ़ रहा पुलमावा अब नई कहानी लिख रहा है.जिले में डे एंड नाइट क्रिकेट लीग चल रही है. फ्लडलाइट्स की रोशनी में नहाए पुलवामा के क्रिकेट स्टेडियम में हजारों लोग जमा हुए. रॉयल प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन की शुरुआत के साथ ही 20,000 से ज़्यादा लोग पहुंचे. स्टेडियम का माहौल जोश, तालियों और जश्न से भर गया.
पुलवामा, जिस जिले का नाम कभी बार-बार हिंसा और अशांति से जोड़ा जाता था, जहां बुरहान वानी, जाकिर मौसा जैसे आतंक के पोस्टर बॉय सक्रिय थे, वहां का यह नजारा वाकई सुखद अनुभूति कराने वाला है. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवाओं का सैलाब उमड़ा है. पीएम मोदी ने भी ‘मन की बात’ में इस रॉयल प्रीमियर लीग का जिक्र किया है.
रॉयल प्रीमियर लीग का सेकंड एडिशन
रॉयल प्रीमियर लीग का ये सेकंड एडिशन है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलवामा की सरजमीं पर यह हमारे लिए ऑनर की बात है. पुलवामा के लिए ऑनर की बात है कि हमारे इस ग्राउंड में आज लगभग 20 हजार के करीब नौजवान मैच को एंजॉय करने के लिए आए हैं. रॉयल प्रीमियर बहुत बड़ी लीग है, जिसने अपने दर्शकों को खींचने में चार चांद लगा दिए हैं.
लीग के आयोजकों में से इरफान सरकार और उनके एक प्रबंधन के सहकर्मी के अनुसार, यह बहुत ज़्यादा ख़ुशी का लम्हा है. सेकंड एडिशन में लोगों का ये हुजूम और उत्साह हमारे लिए गर्व की बात है. लोगों और प्रशासन के सहयोग से हम आभारी हैं.
यह युवाओं में खुशी लाने की एक कोशिश
पुलवामा के विधायक वहीद रहमान पर्रा जो कि इस लीग के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए, उनके अनुसार, यह बहुत अच्छी बात है कि रॉयल प्रीमियर लीग जो पुलवामा में डे-एंड-नाइट टूर्नामेंट एक शुरुआत है. यह युवाओं में खुशी लाने की एक कोशिश है. एक प्रयास है कि जम्मू-कश्मीर की युवा पीढ़ी के चेहरों पर खुशी और उम्मीद लाई जा सके. यह बहुत ही अच्छी शुरुआत है.
उन्होंने कहा, हमारे इरफान सरकार नाम से यहां के नौजवान की तरफ से अच्छी पहल की गई है. यह एक नागरिक पहल है और कोशिश की जा रही है कि क्रिकेट को जम्मू-कश्मीर में फिर से जीवित किया जाए. जम्मू-कश्मीर में अच्छा माहौल बन रहा है. यह बहुत बेहतरीन पहल है. हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में यहां के नौजवानों को और मौके मिलेंगे. वहीद ने कहा कि पूरे मुल्क में लोग इसको देखेंगे, पूरे कश्मीर में देखेंगे. खासकर कश्मीर के जो लोग बाहर भी हैं वे भी इस मैच को देख रहे होंगे.



