कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत

कानपुर में गुरुवार को गंगा तट पर एक प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक की मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पीटीआई-भाषा को बताया कि गर्ग एविएशन द्वारा संचालित टेकनाम विमान ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे उड़ान भरी थी और करीब 20 मिनट बाद कटारी इलाके के नाथापुरवा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
अधिकारी ने बताया कि गुजरात के प्रशिक्षक सचिन भाटिया और कर्नाटक के प्रशिक्षु पायलट अभिषेक पुजारी की दुर्घटना में मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की और दुर्घटना की जांच के लिए सबूत के तौर पर मलबे को सुरक्षित किया।
पुलिस ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) विमान की उड़ान योग्यता, रखरखाव रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच करेगा।
प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि यह दो इंजन वाला विमान था।
दुर्घटनास्थल के वीडियो में विमान को मलबे में तब्दील होते हुए दिखाया गया है, जिसमें मलबा पूरे क्षेत्र में बिखरा हुआ है।
मलबे के बाहर एक सीट भी देखी गई, हालांकि अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि पायलटों ने विमान से भागने की कोशिश की या नहीं।
कंपनी ने दावा किया कि 2023 से गर्ग एविएशन के साथ चल रहे इस विमान में रखरखाव से संबंधित कोई कमी नहीं थी।
कानपुर ट्रेनर विमान हादसे की जांच करेगा एएआईबी
नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार, जांच एजेंसी एएआईबी कानपुर में दो इंजन वाले ट्रेनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच करेगी, जिसमें गुरुवार दोपहर को प्रशिक्षु पायलट और प्रशिक्षक की मौत हो गई थी।
मंत्रालय ने प्रारंभिक सूचना का हवाला देते हुए कहा कि वीटी-एनबीवी पंजीकरण वाला टेकनाम पी2006टी दो इंजन वाला विमान गुरुवार दोपहर कानपुर सिविल हवाई अड्डे से लगभग पांच समुद्री मील दूर गंगा बैराज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान का संचालन गर्ग एविएशन लिमिटेड, कानपुर द्वारा किया गया था।
उन्होंने कहा, ”विमान कानपुर सिविल हवाई अड्डे के स्थानीय उड़ान क्षेत्र में प्रशिक्षण उड़ान पर था। विमान में दो लोग सवार थे, एक प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के तीन अधिकारियों की एक टीम आवश्यक नियामकीय निगरानी और समन्वय के लिए दुर्घटनास्थल का दौरा करेगी।
बयान में कहा गया है, ‘विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को सूचित कर दिया गया है और वह नियमों के अनुसार दुर्घटना की विस्तृत जांच करेगा। दुर्घटना की परिस्थितियों और कारणों का पता जांच के माध्यम से किया जाएगा।



