UP Rojgar Mela: यूपी में 8वीं पास युवाओं को मिलेगी शानदार नौकरी! 26 सितंबर को इस जिले में लगेगा रोजगार मेला

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक शानदार मौका सामने आया है. उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला प्रशासन और जिला सेवायोजन कार्यालय की तरफ से मुजफ्फरनगर में 26 सितंबर 2026 को एक ‘वृहद रोजगार मेला-2026’ का आयोजन किया जा रहा है. यह खास रोजगार मेला भोपा रोड पर स्थित एस.डी. (पी.जी.) कॉलेज में शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. इस मेले में 8वीं कक्षा पास से लेकर बीटेक और एमबीए कर चुके युवा भी शामिल हो सकते हैं. नौकरी पाने और कंपनी में चयन की यह पूरी प्रक्रिया एकदम फ्री (निशुल्क) रखी गई है.
नौकरी के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता
इस वृहद रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले युवा हिस्सा ले सकते हैं. जिन युवाओं ने 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई (ITI) या कोई डिप्लोमा किया है, वे अपनी योग्यता के अनुसार यहां नौकरी पा सकते हैं. इसके अलावा ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमसीए, बीटेक, डी.फार्मा और बी.फार्मा की पढ़ाई पूरी कर चुके युवा भी मेले में आ सकते हैं.
सुबह 10 बजे से लगेगा मेला
रोजगार मेले का आयोजन मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित एस.डी. (पी.जी.) कॉलेज में किया जाएगा. शनिवार, 26 सितंबर को लगने वाला यह रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 04 बजे तक चलेगा. युवा अपने सभी जरूरी दस्तावेजों और पढ़ाई के सर्टिफिकेट के साथ समय पर इस स्थान पर पहुंचकर नौकरी के इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं.
रोजगार संगम पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन
जो भी युवा इस मेले में जाकर रोजगार पाना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट (www.rojgaarsangam.up.gov.in) पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करना होगा. जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मेले में नौकरी के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) है. किसी भी तरह की परेशानी या अतिरिक्त जानकारी के लिए युवा हेल्पलाइन नंबर 155330 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं.



