राज्यमध्यप्रदेश

इंदौर में फिर धंसी सड़क, चैंबर के पास लटका स्लैब; एक साल में दूसरी बार हुआ हादसा

इंदौर में सड़क धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब परदेशीपुरा की गली नंबर-3 में चैंबर के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया। सड़क के नीचे जमीन का हिस्सा खोखला मिलने से मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम भी हैरान रह गई। स्थिति यह थी कि सड़क का कांक्रीट स्लैब एक हिस्से में हवा में लटका हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के कर्मचारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कांक्रीट टूटने के बाद उसके नीचे की मिट्टी और जमीन का हिस्सा खाली हो गया था। निगम अधिकारियों के मुताबिक यहां पुराना ड्रेनेज चैंबर है, जिसकी वजह से सड़क का हिस्सा धंसने की आशंका है।

पुरानी ड्रेनेज लाइन, नया सिर्फ चैंबर का ढक्कन

निगम अधिकारियों के अनुसार इलाके में ड्रेनेज लाइन पहले से बिछी हुई है, जबकि चैंबर का ढक्कन नया दिखाई दे रहा है। हालांकि, चैंबर के आसपास जमीन इतनी खोखली कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। अधिकारियों को आशंका है कि खराब भराव या ड्रेनेज लाइन से संभावित लीकेज के कारण मिट्टी धीरे-धीरे खिसकी और सड़क के नीचे खाली जगह बन गई।

एक साल में दूसरी बार धंसी सड़क

खास बात यह है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। करीब एक साल में यह दूसरी बार है जब इसी जगह सड़क धंसी है। इससे पहले भी चैंबर की मरम्मत कर आसपास मिट्टी का भराव कराया गया था। अब दोबारा सड़क धंसने से पहले किए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और भराव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

शहर के कई हिस्सों में सामने आ चुके हैं मामले

इंदौर में इससे पहले भी पंढरीनाथ, नासिया रोड, गाड़ी अड्डा, गोराकुंड और मेघदूत गार्डन के आसपास सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से सड़क निर्माण और जमीन के भराव की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गनीमत रही कि परदेशीपुरा में सड़क धंसने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, सड़क के नीचे बड़ा हिस्सा खोखला होने से यह घटना गंभीर खतरे का संकेत है। यदि समय रहते इसकी जानकारी नहीं मिलती तो सड़क का बड़ा हिस्सा धंसकर वाहन चालकों या राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता था।

Related Articles

Back to top button