मध्यप्रदेशराज्य

एमपी पुलिस के 277 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला डीजीपी का प्रशस्ति सम्मान, भोपाल में हुआ समारोह

प्रदेश पुलिस के 277 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल (डीजीसीआर) से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाना ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति रोल प्रदान किए। इनमें वर्ष 2024 के 80 और वर्ष 2025 के 197 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

इस मौके पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस सेवा में पुरस्कार और दंड दोनों की व्यवस्था महत्वपूर्ण है। अच्छे कार्य का पुरस्कार तत्काल मिलना चाहिए, ताकि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़े और दूसरों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिले। वहीं, लापरवाही और अनियमितता करने वालों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी मिला सम्मान

सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिकारियों में पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार, आईजी अनुराग, आईजी रुचिवर्धन मिश्र, आईजी अशुमान सिंह, आईजी सियास ए, डीआईजी सत्येंद्र कुमार शुक्ल, डीआईजी बीरेंद्र कुमार सिंह और डीआईजी हेमंत चौहान सहित कई अधिकारी शामिल हैं।

भर्ती, पदोन्नति और डायल-112 को बताया बड़ी उपलब्धि

डीजीपी ने डायल-112 के लिए 1200 नए वाहनों की शुरुआत, दो वर्षों में 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती और चयन प्रक्रिया तथा लगभग 28 हजार पुलिसकर्मियों की पदोन्नति को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने नशे और सायबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button