मध्यप्रदेशराज्य

भोपाल-दिल्ली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री शिवराज को हुई परेशानी, आगे की सीट छोड़ पीछे बैठना पड़ा; स्टाफ ने की शिकायत

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भोपाल से दिल्ली जाते समय विमान में असुविधा का सामना करना पड़ा। उनकी सीट बदल दी गई। ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव मौके पर मौजूद नहीं थे। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) भूपेंद्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से शिकायत की है।

मामला 23 नवंबर का है। शिकायत के अनुसार केंद्रीय मंत्री इंडिगो एयरलाइन की नियमित उड़ान से भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। अन्य यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसलिए सामान्यत: वे पहले उन्हें आगे करते हैं और स्वयं बाद में विमान में प्रवेश करते हैं।

ड्यूटी मैनेजर की गैरमौजूदगी पर सवाल

सोमवार को जब वे एयरपोर्ट पर पहुंचे तो प्रोटोकॉल के अनुसार ड्यूटी मैनेजर को वहां होना चाहिए था लेकिन ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव मौजूद नहीं थे। इस कारण अधीनस्थ अमला उन्हें आगे ले गया और एयरोब्रिज पर खड़ा कर दिया। बिना सूचना के विमान भी बदला गया।

कुछ देर प्रतीक्षा करने के बाद जैसे ही विमान में प्रवेश किया तो स्टाफ ने देखा कि उनकी सीट पर कोई और बैठा है, जिस पर उन्होंने आपत्ति की। केंद्रीय मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर की शिकायत पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव श्रीकेश लाठकर को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा- मामला सुलझ चुका है

एयरपोर्ट डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार का कहना है कि यह घटना चार दिन पहले की है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इंडिगो की उड़ान से दिल्ली जा रहे थे। उनकी सीट पहले नंबर की थी। अचानक विमान बदल गया तो उनकी सीट भी बदल दी गई। इस कारण उन्हें कुछ असुविधा हुई थी। बाद में हमने एयरलाइन के साथ बैठक कर मामले को सुलझा दिया था। साथ ही निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार की कोई गलती फिर से नहीं होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button