छत्तीसगढ़ में सीबीआई ने रिश्वत मामले में रेलवे अधिकारी को किया गिरफ्तार 77 लाख रुपये नकद, महंगे आभूषण मिले

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत के एक मामले में रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के अनुसार, रायपुर और भिलाई में आरोपी अधिकारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी में लगभग 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए।
एजेंसी ने कहा कि आरोपी अधिकारी ने अपने लंबित बिलों को चुकाने के लिए एक शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बाद में वह एक लाख रुपये स्वीकार करने के लिए सहमत हो गया। सीबीआई ने 13 अगस्त को उसे उस समय गिरफ्तार किया था जब वह कथित दलाल के जरिए रिश्वत की पहली किस्त के रूप में कथित तौर पर 50,000 रुपये ले रहा था।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि भिलाई में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीएमई) के रूप में तैनात भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर (आईआरएसएमई) के अधिकारी अनमोल उके को 14 अगस्त को उसके कथित दलाल के साथ गिरफ्तार किया गया था।
एजेंसी ने कहा कि इसके बाद रायपुर और भिलाई में आरोपी अधिकारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई, जिसमें लगभग 77 लाख रुपये की नकदी और लगभग 14 लाख रुपये के आभूषण मिले।
सीबीआई ने कहा कि एक अदालत ने उके और कथित दलाल को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मामले में आगे की जांच जारी है।



