कटनी में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 माह के मासूम समेत 6 की मौत; 9 घंटे बाद पहुंचे कलेक्टर को मांगनी पड़ी माफी

प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान ले ली। हादसे के करीब नौ घंटे बाद घटनास्थल पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी को लोगों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। सरकारी व्यवस्था की बदहाली और प्रशासनिक देरी पर लोगों ने जमकर सवाल उठाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने लोगों से माफी मांगी और दमकल व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया। उन्होंने दमकल कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए नागपुर भेजने, फायर ब्रिगेड के संसाधन दुरुस्त करने और हादसे में जिम्मेदारी तय करने का आश्वासन भी दिया।
आधी रात क्राकरी दुकान में भड़की आग
दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और उत्सव में डूबा था, उसी दौरान बरही निवासी पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में आधी रात के करीब अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं के बीच परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रातभर संघर्ष चलता रहा।

जेसीबी से तोड़नी पड़ी दीवार
रेस्क्यू अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को इमारत से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के पांच अन्य सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। छह लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे बरही में शोक की लहर दौड़ गई।
दमकल वाहनों की खराबी ने बढ़ाई मुश्किलें
हादसे के दौरान दमकल व्यवस्था की खामियां भी सामने आईं। रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन लगभग एक बजे घटनास्थल पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन आया, लेकिन उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इस कारण आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए।
बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए सुबह तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सुबह करीब चार बजे तक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। प्रशासन की इस कथित लापरवाही ने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया।
रितेश और उनकी भाभी बच निकले, छह लोग अंदर ही रह गए
आग लगने के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे। बताया गया कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्य आग और जहरीले धुएं के बीच इमारत में फंसे रह गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मां की गोद में था दो माह का मासूम
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो माह के मासूम की मौत रही, जो अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। परिवार की 14 वर्षीय आर्या और छह वर्षीय अन्वी भी इस अग्निकांड की चपेट में आ गईं। 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी 74 वर्षीय पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, नातिन आर्या, अन्वी और दो माह के मासूम की मौत ने पूरे शहर को गहरे सदमे में डाल दिया।

कलेक्टर के सामने फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के करीब नौ घंटे बाद मौके पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी के सामने स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि दमकल वाहन और उनके उपकरण दुरुस्त होते तो शायद राहत एवं बचाव कार्य में इतनी बाधा नहीं आती। लोगों की नाराजगी सुनने के बाद कलेक्टर ने माफी मांगी और व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने दमकल कर्मियों को नागपुर भेजकर प्रशिक्षण दिलाने, फायर ब्रिगेड को आधुनिक और दुरुस्त बनाने तथा पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की बात कही।



