बिहारराज्य

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-गंडक में निजी नावों पर रोक, हाजीपुर में 22 से 25 नवंबर तक लागू रहेगा प्रतिबंध

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ नदी में नावों से गश्ती और एसडीआरएफ की इन्फ्लेटेबल बोट की व्यवस्था की गई है।

वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर 22 से 25 नवंबर तक हाजीपुर अनुमंडल क्षेत्र में निजी नावों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

गंगा और गंडक में नहीं चलेंगी न‍िजी नाव

जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर अनुमंडल दंडाधिकारी, हाजीपुर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की है।

इसके अनुसार, 22 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के अपराह्न तक हाजीपुर अनुमंडल क्षेत्र की गंगा और गंडक नदियों तथा सभी घाटों पर निजी नावों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

हालांकि, राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में आने-जाने वाली वैध रूप से परिचालित नावों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। प्रशासन ने यह फैसला नदी में नावों के अनियंत्रित परिचालन, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, तेज गति और जीवनरक्षक उपकरणों की कमी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया है।

संबंधित पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों, बीडीओ, सीओ और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

घाटों पर गोताखोर, एसडीआरएफ और नाव एंबुलेंस तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए सभी चिह्नित घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर तैनात किए गए हैं। नदी में नावों से गश्ती के साथ एसडीआरएफ की इन्फ्लेटेबल बोट, लाइफ जैकेट और नाव एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

कोनहारा घाट पर पांच शय्या वाला अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। प्रमुख घाटों पर चिकित्सा दल और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहेंगी। सदर अस्पताल में भी आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखी गई है।

भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम

मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।

हाजीपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। गंडक नदी के पुराने और नए पुल पर यातायात नियंत्रण के इंतजाम किए गए हैं।

प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के साथ सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता और यात्री शिविर की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है।

घाटों और संपर्क मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक जनरेटर भी रखे गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को मेला अवधि में सतत निगरानी रखने और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, प्रतिबंधित नावों का उपयोग नहीं करने और व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button