छत्तीसगढ़राज्य

काले जादू से जमानत? छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तांत्रिक अनुष्ठान करते हुए पकड़ा गया शख्स: चीफ जस्टिस

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की तस्वीर के साथ एक ‘तांत्रिक’ अनुष्ठान में कथित तौर पर भाग लेने के आरोप में बिलासपुर पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति से पूछताछ की।

एक अधिकारी ने बताया कि यह विचित्र घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को सीपत थाना क्षेत्र के तहत देवरी गांव में एक श्मशान घाट में हुई।

ग्रामीणों ने देर रात चार लोगों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा और उनके साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने बताया कि उनमें से तीन भाग गए, जबकि ऋषिकेश कुमार को पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक मछली, नींबू, सिंदूर सहित अनुष्ठान सामग्री और मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और दो अन्य व्यक्तियों की तस्वीरें बरामद की हैं।

पूछताछ के दौरान कुमार ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसके रिश्तेदार प्रियांशु बोले को चाकू मारने के एक मामले में कुछ अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनमें से एक को जमानत मिल गई, जबकि अन्य आरोपियों के आवेदन अदालत में लंबित थे।

उन्होंने पुलिस को बताया कि कुमार और उसके तीन दोस्त एक तांत्रिक का वीडियो देखने के बाद श्मशान घाट गए, जिसने दावा किया कि एक अनुष्ठान जमानत हासिल करने में मदद करता है।

एसपी सिंह ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मिली तस्वीरों में से एक प्रियांशु बोले की है, जबकि दूसरी चाकू मारने के मामले में पीड़ित की है।

सिंह ने चेतावनी दी कि इस तरह के अनुष्ठान करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी रस्म अनुष्ठान करके जमानत नहीं ली जा सकती। अपराधियों को खुद को सुधारना चाहिए।

Related Articles

Back to top button