मध्यप्रदेशराज्य

चक्रवात ‘अकवान’ के असर से बदलेगा MP का मौसम, दो दिन बाद कुछ जिलों में बारिश के आसार

 बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। इस चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के वातावरण में नमी बढ़ रही है और कई इलाकों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसके चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि रात के तापमान में कुछ स्थानों पर बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में ताकतवर हो रहा चक्रवात

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ फिलहाल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। 19 नवंबर की सुबह तक इसके अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 20 नवंबर की दोपहर के आसपास इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का पूर्वानुमान है। इस मौसमी गतिविधि का असर मध्य प्रदेश के वातावरण में नमी बढ़ने के रूप में नजर आने लगा है।

रात के तापमान में गिरावट

प्रदेश में तापमान की बात करें तो सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात रीवा में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। रीवा संभाग के जिलों में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। वहीं, दमोह में न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 12.2, उमरिया में 13.1 और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

दिन के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मंगलवार को खंडवा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बादलों की मौजूदगी के कारण आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

कहीं-कहीं बरस सकते हैं बादल

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं, चक्रवात के प्रभाव से वातावरण में बनी नमी के चलते 20 और 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में एक बार फिर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button