
बिहटा-सरमेरा मुख्य पथ स्थित शांति गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर मंगलवार को हुई छापेमारी मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। पकड़ी गई युवतियों में एक नाबालिग किशोरी भी शामिल पाई गई है, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दर्ज प्राथमिकी में नाबालिग को गेस्ट हाउस में अनैतिक कार्य के लिए ले जाने वाला नौबतपुर निवासी धीरज कुमार, गेस्ट हाउस संचालक रुस्तमगंज निवासी रंजन राज, गेस्ट हाउस का मैनेजर मनेर के छितनावां निवासी निरहू कुमार और गेस्ट हाउस का मालिक चेचौल निवासी अजय कुमार को नामजद किया गया है।
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने बुधवार को इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दानापुर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस मामले में पुलिस ने 8/12 पॉक्सो एक्ट एवं अनैतिक देह व्यापार अधिनियम 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विदित हो कि मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर नौबतपुर पुलिस ने शांति गेस्ट हाउस में छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 महिलाओं समेत कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया था। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई तो एक लड़की नाबालिग पाई गई। जबकि शेष सात महिलाएं बालिग पाए जाने पर उन्हें थाने से मुक्त कर दिया गया था।
प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई
नाबालिग मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट जोड़ा है।थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह ने बताया कि चार लोगों को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल गेस्ट हाउस को सील किया गया है।गुरुवार को एफएसएल की टीम घटनास्थल जाकर साक्ष्य एकत्रित करेगी,ताकि स समय कोर्ट में उसे प्रस्तुत की जा सके।



