उत्तर प्रदेशराज्य

परिसीमन बिल के खिलाफ INDIA गठबंधन को एकजुट करने में जुटे राहुल गांधी, स्टालिन और शरद पवार को मनाने के लिए दिल्ली से रवाना

30 नवंबर 2026 से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में सरकार परिसीमन विधेयक लाने जा रही है. इस विधेयक के खिलाफ INDIA गठबंधन को एकजुट करने के लिए राहुल गांधी ने अपनी कोशिशें शुरू कर दी हैं. उन्होंने एक्स पर जानकारी दी की वह आज INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे.

इसके साथ ही उन्होंने कहा, एमके स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं. देश के हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए सभी को मिलकर इस विधेयक को रोकना होगा. बता दें, कल DMK की सांसद कनिमोझी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा थी कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) का समर्थन करने का फैसला किया है.

जानकारी के मुताबिक संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले दिल्ली से दो विमान चेन्नई और मुंबई के लिए रवाना हुए हैं. इनमें INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता सवार हैं, जिसमें राजीव राय समेत 2 सपा सासंद भी शामिल हैं, जो स्टालिन से मुलाकात के बाद एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार और उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे. 

राहुल गांधी ने ट्वीट में क्या लिखा?

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि वह और इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर एम.के. स्टालिन से मिलेंगे और उनसे व डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे. उन्होंने लिखा कि सीटों को बढ़ाकर 850 करना देश में लोकतंत्र को समाप्त कर देगा और इससे बीजेपी-आरएसएस को पूरे भारत का चुनावी नक्शा अपने हिसाब से दोबारा बनाने की असीमित जगह मिल जाएगी. राहुल गांधी ने कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं और देश के हित, तमिलनाडु के हित तथा संविधान की रक्षा के लिए सभी को मिलकर इस बिल को हराना होगा.

स्टालिन से मिलने चेन्नई जाएंगे नेता

INDIA गठबंधन के सूत्रों के मुताबिक कई वरिष्ठ नेताओं को लेकर दो विमान आज दिल्ली से रवाना हुए हैं. पहले विमान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, मीसा भारती, आरजेडी के फ्लोर लीडर, समाजवादी पार्टी के दो सांसद, कपिल सिब्बल और सीपीएम महासचिव एमए बेबी शामिल हैं.

वहीं दूसरे विमान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हैं. सूत्रों के अनुसार, पहला विमान चेन्नई पहुंचेगा. वहां दोपहर में INDIA गठबंधन के नेता एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे.

मुंबई में शरद पवार से मुलाकात

चेन्नई में मुलाकात के बाद दोनों विमान मुंबई जाएंगे. वहां विपक्षी नेता एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे. उद्धव ठाकरे भी मुंबई में इन नेताओं के साथ शामिल होंगे.

INDIA गठबंधन के सूत्रों का कहना है कि इस योजना के लिए एक दिन पहले हुई गठबंधन की बैठक में फैसला लिया गया था. इसे सुबह तक गोपनीय रखने का निर्णय भी किया गया था.

विशेष सत्र में सरकार लाएगी यह विधेयक

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है. इस दौरान सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी.

  1. संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026
  2. परिसीमन विधेयक, 2026
  3. संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन)

सपा सांसदों को जारी हुआ व्हिप

वहीं समाजवादी पार्टी ने भी अपने सांसदों को परिसीमन से जुड़े विधेयकों के विरोध में मतदान करने का निर्देश दिया है. लोकसभा में सपा के चीफ व्हिप और सांसद धर्मेंद्र यादव ने पत्र जारी कर सभी सांसदों को संसद के विशेष सत्र में मौजूद रहने और गैरहाजिर नहीं रहने को कहा है

सपा ने अपने सांसदों से तीनों विधेयकों के विरोध में वोट देने का निर्देश दिया है. पार्टी ने साफ कर दिया है कि उसके सांसद सदन में सरकार के इन विधेयकों का विरोध करेंगे.

विपक्ष के सामने नंबरों की चुनौती

परिसीमन विधेयकों को रोकने के लिए विपक्ष के सामने संख्या बल की चुनौती है. डीएमके और एनसीपी (एसपी) के पास कुल 30 सांसद हैं. इन सांसदों ने अप्रैल में बिल के खिलाफ मतदान किया था. हालांकि, अब इन दलों के संभावित रुख को लेकर विपक्ष की चिंता बढ़ी हुई है.

ऐसे में विपक्षी एकजुटता बनाए रखने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की चेन्नई और मुंबई यात्रा को अहम माना जा रहा है. विपक्षी नेताओं की कोशिश है कि एमके स्टालिन और शरद पवार को साथ लेकर सरकार के प्रस्तावित विधेयकों के खिलाफ साझा रणनीति बनाई जाए. अब देखना होगा कि विपक्ष की यह कोशिश संसद में संख्या बल के समीकरण पर कितना असर डालती है.

Related Articles

Back to top button