उत्तर प्रदेशराज्य

बीमार पति को छोड़ बेटी के ‘हत्यारे’ दामाद के साथ फरार हुई सास, जमीन में गड़ा सोना-चांदी भी ले गए

उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है. परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के अंदर गाड़कर रखे गए लाखों रुपये के पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई है. इतना ही नहीं, महिला पर पति की खरीदी हुई जमीन अपने नाती के नाम करने का भी आरोप है.

मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है. महिला के बेटे ने एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है. बेटे का आरोप है कि उसकी मां बीमार पिता को छोड़कर उसकी बहन के पति के साथ चली गई है. इसे आसान शब्दों में इस तरह समझिए की महिला अपने उस दामाद के साथ चली गई जिस पर उसकी बेटी की हत्या का आरोप है.

15 साल पहले हुई थी बेटी की हत्या

परिवार के मुताबिक, पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती और वह पहले गांव में चौकीदारी करते थे. शिकायत में बेटे ने बताया कि उसके पिता ने बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में की थी. करीब 15 साल पहले बहनोई ने उसकी बहन की हत्या कर दी थी. बेटे के मुताबिक, उस समय बच्चे की परवरिश को देखते हुए परिवार ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था.

आरोप है कि इसके बाद से ही उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. बहनोई का घर आना-जाना शुरू हो गया. जब पिता ने इस पर आपत्ति जताई तो मां उनके साथ झगड़ा करने लगीं.

घर में गाड़कर रखे थे सोने-चांदी के जेवर

परिवार का आरोप है कि महिला घर के अंदर जमीन में गाड़कर रखे पुश्तैनी जेवर भी निकालकर अपने साथ ले गई है. बीमार पति के मुताबिक, इन जेवरों में करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण थे. इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है

बेटे ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने करीब 10 बिस्वा जमीन खरीदी थी. महिला ने 14 सितंबर को दामाद के कहने पर जमीन चुपचाप अपने नाती के नाम कर दी.

पहले थाने में की शिकायत, अब एसपी से लगाई गुहार

बेटे का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले अजगैन थाने में भी की गई थी, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उसने एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की.

एसपी ने परिवार को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है. फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है.

Related Articles

Back to top button