राज्यबिहार

आज मजदूरी पर निकला था मेरा बेटा…’, पटना हादसे में मनीष की मौत से बेहाल हुई मां, ASI बोले- जान बचाकर भागना पड़ा

बिहार की राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र (अगमकुआं/जीरो माइल) स्थित NH-30 पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने न केवल एक बेबस परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि पूरे इलाके में भयानक उपद्रव की आग भड़का दी. पश्चिम बंगाल से आ रही एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से तकिया गांव निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े मनीष की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. मृतक की मां रोते-रोते बदहवास हो गईं.

उन्होंने नम आंखों से बताया कि मनीष परिवार का सहारा था और शुक्रवार सुबह ही दिहाड़ी मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में ही बेकाबू बस ने उसे रौंद दिया. मां के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

ASI की आंखोंदेखी: “भीड़ ने घेर लिया, हमें भागकर जान बचानी पड़ी”

घटना के वक्त मौके पर मौजूद ट्रैफिक पोस्ट के एएसआई (ASI) एनएन सिंह ने खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया, “हादसे के बाद अचानक भारी भीड़ जुट गई और तोड़फोड़ करने लगी. हमारे साथ दो थानों की पुलिस टीम थी, लेकिन उपद्रवी इतने उग्र हो गए कि गाड़ियों को आग लगाने लगे. माहौल बिगड़ता देख हमें अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा.”

10 वाहनों को फूंका, ट्रैफिक पोस्ट जलाया और पत्रकारों पर हमला

हादसे के बाद भीड़ का गुस्सा बेकाबू हो गया. आगजनी से पहले बस में सवार यात्रियों ने जैसे-तैसे कूदकर अपनी जान बचाई. इसके बाद उपद्रवियों ने एम्बुलेंस और दमकल की गाड़ियों को भी रोक दिया. गुस्साए तत्वों ने 2 पुलिस गाड़ियों, बस और कई बाइकों समेत करीब 10 वाहनों में आग लगा दी. यही नहीं, ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को फूंक दिया गया, NH-30 पर जाम लगाया और घटना की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ भी मारपीट की.

ये भी पढ़ें: पटना में हादसे में युवक की मौत, मचा बवाल, उग्र भीड़ ने बस समेत पुलिस की गाड़ियां फूंकींNH-30 पर 10KM तक लगा जाम

9 थानों की पुलिस तैनात, लाठीचार्ज कर हालात पर पाया काबू

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर 9 थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई. पटना सिटी के ASP राज किशोर सिंह ने बताया कि युवक सड़क पार कर रहा था तभी हादसा हुआ. इसके बाद कुछ उपद्रवी तत्वों ने भीड़ का फायदा उठाकर आगजनी की. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने और भीड़ को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा.

फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. क्रेन की मदद से एनएच-30 से जली हुई गाड़ियों को हटाकर यातायात बहाल कराया जा रहा है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.

Related Articles

Back to top button