मध्यप्रदेशराज्य

मुरैना में पुलिसकर्मी दीपावली मनाने गए, पंजाब का डोडा-चूरा तस्कर जिला अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार; 5 निलंबित

जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां भर्ती 232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के आरोपित बंदी ने पुलिसकर्मियों की चूक का फायदा उठाया और हथकड़ी समेत फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि जिस समय बंदी भागा, उस दौरान निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहा पुलिस आरक्षक बिस्तर पर आराम कर रहा था, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी दीपावली मनाने अपने घर चले गए थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

फरार बंदी जसवीर सिंह (47) पुत्र मंगल सिंह पंजाब के मोगा का निवासी है। उसे चार नवंबर को नूराबाद पुलिस ने टेकरी के पास 232 किलो डोडा-चूरा ले जाते हुए कार सहित पकड़ा था। इसके बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया था।

नशा नहीं मिला तो बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को जेल में नशा नहीं मिलने के कारण जसवीर की तबीयत बिगड़ गई। उसे बदन दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। जेल के चिकित्सक डा. क्षितिज शर्मा और डा. अमृत राजे ने उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेजने की सलाह दी। इसके बाद छह नवंबर को उसे अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया।

बताया गया कि जसवीर करीब 15 वर्षों से डोडा-चूरा का नशा कर रहा था। अस्पताल में नशे के आदी मरीजों को दिए जाने वाले इंजेक्शन की उपलब्धता नहीं थी। लगातार दस्त की शिकायत के चलते पुलिस गार्ड ने उसके बेड से बंधी जंजीर खोल दी, ताकि वह आसानी से शौचालय जा सके। यही लापरवाही बाद में फरारी की वजह बन गई।

चार पुलिसकर्मी दीपावली मनाने गए, पांचवां आराम फरमाता रहा

कैदी वार्ड की सुरक्षा में प्रधान आरक्षक रामभरोसी, विक्रम सिंह, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र और आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि आठ नवंबर की रात चार पुलिसकर्मी आपस में चर्चा करने के बाद दीपावली मनाने अपने घर चले गए। उन्होंने निगरानी की जिम्मेदारी अकेले आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया के भरोसे छोड़ दी।

रात में पुष्पेंद्र भी बिस्तर पर आराम करने लगा। इसी दौरान मौका पाकर जसवीर सिंह हथकड़ी समेत अस्पताल से फरार हो गया। बंदी के गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

पांच पुलिसकर्मी निलंबित

आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया की शिकायत पर थाना कोतवाली में जसवीर सिंह के हथकड़ी सहित फरार होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने पर कैदी वार्ड में तैनात पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

पुलिस पूछताछ में जसवीर ने बताया था कि वह डोडा-चूरा गुना क्षेत्र से खरीदकर लाया था। फिलहाल उसकी फरारी ने जिला अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button