‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को अब आर्थिक ताकत: PM मोदी-बालेन्द्र शाह वार्ता से बिहार के कोसी-सीमांचल को मिली बड़ी सौगात

India Nepal Bilateral Talks PM Narendra Modi  :भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता अब केवल सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह साझा आर्थिक विकास और रणनीतिक साझेदारी के नए युग में प्रवेश कर रहा है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच हुई हालिया द्विपक्षीय वार्ता ने बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र को इस ऐतिहासिक बदलाव के केंद्र में ला खड़ा किया है।

मिथिला और कोसी-सीमांचल की धरती नेपाल के तराई क्षेत्र से भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक रूप से एकरूप है। दोनों तरफ के लोगों के बीच पारिवारिक संबंध और साझा पर्व-त्योहार इसे एक जीवंत इकाई बनाते हैं। इस सांस्कृतिक जुड़ाव को अब आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ा जा रहा है। अररिया, किशनगंज और सुपौल से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं को गति देने की सहमति ने पूरे क्षेत्र के साझा हितों को नई ऊर्जा दी है।

सामरिक सुरक्षा और आर्थिक गलियारे का विस्तार, ट्रांजिट हब बनेगा किशनगंज

रणनीतिक और आर्थिक दृष्टिकोण से सीमांचल का महत्व तेजी से बढ़ा है। सिलीगुड़ी से नेपाल के झापा तक प्रस्तावित पेट्रोलियम पाइपलाइन और बेहतर सड़क संपर्क किशनगंज को प्रमुख ट्रांजिट हब बनाएगा। सहरसा निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं अधिवक्ता संदीप रंजन के अनुसार, नेपाल में भारत का यह बुनियादी निवेश सामरिक रूप से बेहद अहम है। इससे नेपाल के रास्ते भारतीय बाजार में होने वाले अनियंत्रित विदेशी माल की डंपिंग पर अंकुश लगेगा। साथ ही, किशनगंज के प्रसिद्ध अनानास और फूड प्रोसेसिंग उत्पादों को नेपाल का सीधा बाजार मिलेगा और पर्यटन व होटल कारोबार को पंख लगेंगे।

व्यापारिक सुगमता और बाढ़ प्रबंधन से संवरेगा भविष्य

अररिया में जोगबनी-विराटनगर रेल संपर्क परियोजना का शेष कार्य पूरा होने से सीमा पार व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी। नेपाली कांग्रेस के कोसी प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता बताते हैं कि नेपाल के मोरंग स्थित कटहरी में जमीन अधिग्रहण की बाधा दूर होने से अब निर्माण तेज होगा। इससे आयात-निर्यात का परिवहन खर्च और स्थानीय भाड़ा घटेगा।

वहीं, कोसी क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती यानी बाढ़ के समाधान के लिए सुपौल से जुड़ी सप्तकोशी बहुउद्देशीय परियोजना और वास्तविक समय में मौसम व जलस्तर के आंकड़े साझा करने पर सहमति बनी है। रियल-टाइम डेटा से सीमावर्ती जिलों को बाढ़ की समय पूर्व चेतावनी मिलेगी। सुपौल निवासी नदी विशेषज्ञ भगवान पाठक का मानना है कि यदि राजनीतिक नफा-नुकसान से ऊपर उठकर स्थानीय किसानों और पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी से इसका व्यवस्थित प्रबंधन हो, तो यह साझेदारी पूरे क्षेत्र की समृद्धि का स्थायी आधार बन जाएगी।

↑
Exit mobile version