
प्रखंड के चिंतामनपुर गांव स्थित वीवी गिरि विश्वविद्यालय सह ममता मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में 25 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। इसके तहत 117 वरीय पदाधिकारियों और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 98 पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस प्रकार कुल 215 अधिकारी सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। इनके अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य कर्मियों को भी लगाया जाएगा।
प्रमोद कुमार राम को वरीय प्रभार की जिम्मेदारी
जारी प्रतिनियुक्ति तालिका के अनुसार, कार्यक्रम स्थल के मुख्य मंच, अतिविशिष्ट व्यक्तियों के प्रवेश द्वार, पुरुष एवं महिला प्रवेश द्वारों पर अलग-अलग दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार राम को वरीय प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, दरौंदा की प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्मी कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, अंचलाधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अलग-अलग स्थलों पर प्रतिनियुक्त किया गया है। इसके अलावा वीवीआईपी सीटिंग एरिया, एमबीबीएस विद्यार्थियों के बैठने वाले सेक्टर और अन्य निर्धारित स्थानों पर भी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया
प्रशासन की ओर से प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अतिविशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है।



