दाल-रोटी बेचने वाले ढाबे से शहडोल की पंचायत ने खरीदी पूजन सामग्री, 10 हजार के बिल ने खड़े किए सवाल

जिस ढाबे पर लोगों को दाल-रोटी और खाना मिलता है, उसी से पंचायत ने पूजा सामग्री खरीदने के नाम पर हजारों रुपये का भुगतान कर दिया। पंचायत के बिल में रूई की बत्ती, दीये, रिफाइंड तेल, रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल जैसी सामग्री दर्ज है। करीब 10,400 रुपये के इस बिल ने पंचायत के खर्चों और खरीदी की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब चर्चा है कि ढाबे पर भोजन के साथ पूजा सामग्री भी मिलने लगी है या फिर सरकारी भुगतान के हिसाब में कोई गड़बड़ी है?
13 अक्टूबर को दर्ज हुई खरीदी
पंचायत के रिकॉर्ड में 13 अक्टूबर 2026 को न्यू सोनू यूपी ढाबा से सामग्री खरीदी का बिल दर्ज है। इसमें 350 पैकेट रूई की बत्ती, 750 दीये, 15 लीटर रिफाइंड तेल समेत अन्य पूजा सामग्री का उल्लेख किया गया है। बिल में कई ऐसी वस्तुएं शामिल हैं, जिनकी सामान्य तौर पर ढाबे के कारोबार से कोई सीधी संबद्धता नजर नहीं आती।
दीयों की कीमत से लेकर कुल भुगतान तक सवाल
बिल में एक दीये की कीमत पांच रुपये दर्ज की गई है। हालांकि, खर्च के कुल गणित और भुगतान की राशि को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड में लगभग 10,400 रुपये का भुगतान दर्ज है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इतनी सामग्री किस आयोजन के लिए खरीदी गई, किस मद से खर्च किया गया और खरीदी की पुष्टि किस आधार पर हुई।
पहले भी सरकारी कार्यक्रम के खर्च पर उठ चुके प्रश्न
शहडोल में सरकारी आयोजनों के खर्च का हिसाब पहले भी चर्चा में रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में महज एक घंटे के आयोजन के दौरान 14 किलो ड्राई फ्रूट और चाय के लिए छह लीटर दूध में पांच किलो शक्कर की खपत का मामला सुर्खियों में आया था। अब पंचायत के पूजा सामग्री वाले बिल ने सरकारी खर्चों के हिसाब-किताब पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विकास के बजट में खर्च का हिसाब या बिलों का बाजार?
पंचायतों को मिलने वाली सरकारी राशि का उद्देश्य गांवों में विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं को गति देना है। ऐसे में ढाबे से पूजा सामग्री की खरीदी और भुगतान का रिकॉर्ड सामने आने के बाद यह जानना जरूरी हो गया है कि खरीदी वास्तव में हुई थी या नहीं, सामग्री का इस्तेमाल किस कार्यक्रम में किया गया और भुगतान की प्रक्रिया कितनी पारदर्शी रही।
दाल-रोटी के बिल पर पूजा सामग्री का हिसाब दर्ज होने का यह मामला अब पंचायत के खर्चों की जांच और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।



