
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विपक्ष पर देशविरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश का माहौल बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार दिन-रात देश की सेवा, सीमा सुरक्षा, आंतरिक व्यवस्था दुरुस्त करने और गरीबों के उत्थान में जुटी हुई है।
विपक्षी दल अपने विदेशी गुर्गों से महामंत्र लेकर देश में अराजकता और अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हैं। लेकिन, देश की जनता, भाजपा और एनडीए इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे बुधवार को सहरसा के जिला परिषद परिसर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पूर्व एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
‘1947 के विभाजन का दंश और 1962 की भूल नहीं दोहराने देंगे’
विपक्षी दलों—कांग्रेस, राजद, सपा और कम्युनिस्ट पार्टियों पर कड़ा प्रहार करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि अराजकता फैलाने वाले इन दलों को बहुत जल्द समझ में आ जाएगा कि देश की जनता वास्तव में क्या चाहती है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “हमारा देश अब 1947 के विभाजन के दंश को दोबारा झेलने के लिए कतई तैयार नहीं है। हमने 1962 की भूल को भी महसूस किया है और गरीबी का दंश भी देखा है। अब इनमें से कुछ भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। आने वाले समय में भारत में कोई भी गरीब नहीं रहेगा और वर्ष 2047 तक हमारा देश दुनिया के सबसे समृद्ध और शक्तिशाली देशों की अग्रिम सूची में खड़ा होगा।
-1793780810908.webp)
‘राहुल और तेजस्वी को देशवासियों से कोई मतलब नहीं, सिर्फ सत्ता की भूख’
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी सिर्फ देश में भ्रांतियां और भ्रम फैलाकर अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं, ताकि वे किसी भी तरह सत्ता पर काबिज हो सकें। देशवासियों की समस्याओं और उनके विकास से इन नेताओं का कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा होने के साथ-साथ सबसे पवित्र भी है, और हमारा एकमात्र संकल्प देश का कल्याण है। इसी महामंत्र के साथ एनडीए के कार्यकर्ता रात-दिन काम कर रहे हैं।
‘आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने वाले सावधान हो जाएं’
नित्यानंद राय ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन करने का अधिकार सबको है और यह लोकतंत्र की शोभा भी है, लेकिन अगर आंदोलन की आड़ में कोई सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर करने की कोशिश करेगा, तो उसे कड़ा सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने सहरसा की ऐतिहासिक और वीरों व ऋषि-मुनियों की भूमि से चेतावनी देते हुए कहा, “अराजकता फैलाने वाले सावधान हो जाएं, क्योंकि भारत के नागरिक अब पूरी तरह से जाग चुके हैं। उन्होंने लोकतंत्र को पवित्र रखने और अराजकतावादियों को बेनकाब करने का दृढ़ संकल्प ले लिया है।”
दिग्गजों की उपस्थिति में शुरू हुई विशाल पदयात्रा
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन के कुशल संचालन में आयोजित इस सभा को जदयू नेता व बिहार विधानसभा के सचेतक विनय चौधरी, सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय सिंह, हम (सेकुलर) के विधायक प्रफुल्ल मांझी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व, भाजपा जिलाध्यक्ष दिवाकर साजन शर्मा ने मंचासीन अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया, जबकि नगर निगम की महापौर बैनप्रिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सभा के समापन के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व में एनडीए नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ की गगनभेदी नारों के साथ विशाल पदयात्रा निकाली।



