मध्यप्रदेशराज्य

ग्वालियर के फर्जी कॉल सेंटर से हर दिन हो रही थी छह लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के जरिये देशभर के लोगों को ठगने वाले गिरोह का राजफाश किया है। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में किराये के फ्लैट पर संचालित काल सेंटर पर छापा मारकर पुलिस ने गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

वे लोटस-247 गेमिंग वेबसाइट के जरिये ठगी करते और रकम दूसरे खातों में भेज देते थे। जांच में सामने आया कि नेटवर्क से रोज पांच से छह लाख रुपये का लेनदेन हो रहा था। पूरा काम महाराष्ट्र में बैठे मास्टरमाइंड हैंड्रिक्स के इशारे पर चल रहा था, वह लंदन के मोबाइल नंबर से नेटवर्क आपरेट कर रहा था।

संदिग्ध गतिविधियों का मिला था इनपुट

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक ऑफ इंडिया एटीएम वाली गली में अर्जुन पाल के फ्लैट में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। पुलिस जांच में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी का पता चला।

क्या-क्या हुआ बरामद

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के निवासी गुड्डू और ग्वालियर निवासी अजय कुशवाह के रूप में हुई है। उन्हें हर माह 20 हजार रुपये और खाने का खर्च मिलता था। पुलिस ने लैपटॉप, कंप्यूटर, नौ फर्जी सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, पेनड्राइव और पहचान-पत्रों का बंडल बरामद किया है।

Related Articles

Back to top button