रामगोपाल यादव ने किया कंफर्म- कांग्रेस को मिली ये 26 सीटें, ऐसी सीटें भी दे दी जहां सपा को मिले थे ज्यादा वोट

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है. इस बीच सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को दी जाने वाली 26 सीटों के पीछे का गणित बताया है. उन्होंने कहा कि इन सीटों में दो ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. चार सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे. बाकी 20 सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा था.
20 सीटों पर सपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर
रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव को समझाते हुए कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन का हवाला दिया. उनका कहना है कि सपा ने सिर्फ उन सीटों को ही कांग्रेस के लिए नहीं चुना, जहां उसका प्रदर्शन अच्छा रहा था, बल्कि उन सीटों पर भी उसे मौका दिया जा रहा है जहां कांग्रेस को बहुत कम वोट मिले थे.
कांग्रेस को दी जाने वाली 26 सीटों में कौन-कौन सी शामिल हैं?
रामगोपाल यादव के 26 सीटों के ऐलान से पहले सूत्रों के हवाले से एक लिस्ट सामने आई थी, जिसमें 26 सीटों का ही जिक्र किया गया था. दावा था कि सपा की ओर से कांग्रेस को शुरुआती तौर पर इन्हीं 26 सीटों का ऑफर दिया जाएगा. इन 26 सीटों के नाम हैं –
- रामपुर खास
- फरेंदा
- मथुरा
- खेरागढ़
- जगदीशपुर
- किदवई नगर
- बागपत
- मोदीनगर
- हापुड़
- जेवर
- स्याना
- खुर्जा
- खैर
- इगलास
- मांट
- आगरा उत्तर
- फतेहपुर सीकरी
- बिलग्राम-मल्लावां
- गोविंद नगर
- नानपारा
- गोरखपुर शहर
- खजनी
- पडरौना
- फाजिलनगर
- पिंडरा
- वाराणसी कैंट
कांग्रेस 130 से ज्यादा सीटों पर कर रही दावा
सीटों के बंटवारे में दोनों पार्टियों के बीच अंतर उनकी मांग को लेकर भी है. कांग्रेस ने शुरुआत में 181 विधानसभा सीटों की सूची सपा को सौंपी थी. कांग्रेस का दावा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा था. पार्टी ने सपा के साथ गठबंधन में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह पर जीत दर्ज की थी.
2022 में कांग्रेस को मिली थीं सिर्फ दो सीटें
- 2017 विधानसभा चुनाव: सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था. सपा ने 311 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 47 सीटें जीतीं. कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे सात सीटें मिली थीं.
- 2022 विधानसभा चुनाव: दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़े. कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन उसे केवल दो सीटों पर जीत मिली. पार्टी का वोट शेयर 2.33 प्रतिशत था. सपा ने 111 सीटें जीती थीं.
- 2024 लोकसभा चुनाव: दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए. कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और छह जीतीं. सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें हासिल कीं.



